राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस पर त्रिस्तरीय पंचायत स्तर पर 24 अप्रैल को होंगे गरिमामय आयोजन,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा जारी निर्देशों के अनुक्रम में शुक्रवार, 24 अप्रैल को राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस के अवसर पर त्रिस्तरीय पंचायत स्तर पर गरिमामय आयोजन किए जाएंगे। जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने ग्राम सभाओं के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए आवश्यक तैयारियां एवं व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए हैं। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री सोलंकी ने बताया कि राष्ट्रीय पंचायतीराज दिवस हमारे सामूहिक संकल्प को सुदृढ़ करने का महत्वपूर्ण अवसर है, जिसमें लोकतांत्रिक विकेंद्रीकरण एवं सहभागी स्थानीय शासन को बढ़ावा दिया जाता है। यह दिन पंचायती राज संस्थाओं की उपलब्धियों एवं स्थानीय स्तर पर उनकी संभावनाओं का उत्सव मनाने का अवसर भी है। उन्होंने बताया कि इस अवसर पर जिला एवं जनपद स्तर पर उत्कृष्ट कार्य निष्पादन करने वाली जनपद एवं ग्राम पंचायतों का सम्मान किया जाएगा। साथ ही पंचायती राज संस्थाओं के अधिकार एवं जिम्मेदारियों के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए विभिन्न गतिविधियां आयोजित होंगी। कार्यक्रमों के दौरान स्वयं के स्रोतों से राजस्व वृद्धि हेतु रणनीतियों पर विचार-विमर्श, महिला नेतृत्व विकास को प्रोत्साहन, समस्याओं के निराकरण एवं निर्णय-निर्माण में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने पर चर्चा की जाएगी। इसके साथ ही पंचायत उन्नति सूचकांक एवं डाटा आधारित निर्णय निर्माण पर संवाद एवं विचार-विमर्श भी किया जाएगा।
