आमजन को राहतः जनसुनवाई में त्वरित समाधान, स्वास्थ्य जांच व आधार सेवाएं एक ही छत के नीचे,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला पंचायत में आयोजित जनसुनवाई इस बार आम नागरिकों के लिए राहत और भरोसे का मंच बनकर सामने आई। कलेक्टर विकास मिश्रा ने स्वयं उपस्थित होकर करीब 334 आवेदकों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। जनसुनवाई की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए आवेदन लिखने की सुविधा उपलब्ध कराई गई, जहां विधिक सेवा प्राधिकरण के पैरा लीगल वालेंटियर्स आवेदकों की मदद कर रहे थे। प्राप्त सभी आवेदनों को तत्काल जन आकांक्षा पोर्टल पर दर्ज कर पावती दी गई, जिससे प्रत्येक प्रकरण की पारदर्शी मॉनिटरिंग और ट्रैकिंग सुनिश्चित हो सकी। कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए कि हितग्राही मूलक योजनाओं से जुड़े मामलों का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निराकरण किया जाए और आवेदकों को समय पर कार्रवाई की जानकारी दी जाए। साथ ही, यदि कोई आवेदन अमान्य पाया जाता है तो उसके कारण भी स्पष्ट रूप से बताने के निर्देश दिए गए, ताकि आवेदकों में संतुष्टि और विश्वास बना रहे। जनसुनवाई के दौरान स्वास्थ्य विभाग द्वारा नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श प्रदान किया गया। इसके साथ ही आधार अपडेशन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई, जिससे लोगों को एक ही स्थान पर विभिन्न सेवाओं का लाभ मिला और अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिली। भीषण गर्मी को ध्यान में रखते हुए जनसुनवाई में आने वाले नागरिकों के लिए कूलर, पेयजल और छाया की विशेष व्यवस्था की गई थी, जिससे उन्हें किसी प्रकार की असुविधा न हो और वे सहज वातावरण में अपनी समस्याएं रख सकें। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

