सामूहिक प्रयासों से टीबी मुक्त समाज की ओर बढ़ता कदम,
कलेक्टर बने ‘निक्षय मित्र’, टीबी उन्मूलन की दिशा में प्रेरक पहल,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला पंचायत सीधी में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर विकास मिश्रा ने राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत टीबी मरीजों को पोषण आहार (फूड बास्केट) वितरित किया। इस दौरान उन्होंने स्वयं “निक्षय मित्र” बनकर समाज के सामने एक प्रेरक उदाहरण प्रस्तुत किया। कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी शैलेन्द्र सिंह सोलंकी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। कलेक्टर ने अधिकारियों से अपील की कि वे भी “निक्षय मित्र” बनकर टीबी मरीजों को गोद लें और उन्हें नियमित पोषण सहायता उपलब्ध कराएं, ताकि उनके उपचार में तेजी लाई जा सके। कलेक्टर ने कहा कि टीबी उन्मूलन केवल स्वास्थ्य विभाग की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि यह सामूहिक सामाजिक प्रयासों से ही संभव है। उन्होंने अधिकारियों को इस अभियान से जुड़कर अधिक से अधिक मरीजों तक सहायता पहुंचाने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने भी “निक्षय मित्र” बनते हुए अन्य अधिकारियों को इस पहल में सहभागी बनने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने इसे समाज सेवा का महत्वपूर्ण माध्यम बताते हुए सभी से सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की बात कही। जिला टीबी अधिकारी डॉ हिमेश पाठक ने बताया कि राष्ट्रीय क्षय उन्मूलन कार्यक्रम के तहत संचालित प्रधानमंत्री टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत “निक्षय मित्र” द्वारा टीबी मरीजों को गोद लेकर उन्हें पोषण आहार, देखभाल और सहयोग प्रदान किया जाता है। इससे मरीजों के स्वास्थ्य में सुधार के साथ-साथ समाज में जागरूकता भी बढ़ती है।कार्यक्रम के दौरान वितरित किए गए फूड बास्केट ने यह संदेश दिया कि समाज के सहयोग से ही टीबी मुक्त भारत का लक्ष्य प्राप्त किया जा सकता है। सामूहिक प्रयास और संवेदनशील पहल से ही स्वस्थ समाज का निर्माण संभव है।

