शिवसेना ने शहर में यातायात अव्यवस्था और अतिक्रमण से बढ़ी परेशानी, प्रशासन से कार्रवाई की मांग, 
बीरबलभूमि समाचार सीधी। शहर में इन दिनों यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। मुख्य सड़कों और गलियों में लगातार जाम की स्थिति बनी रहने से आम नागरिकों को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है। इस संबंध में नगर पालिका प्रशासन को शिवसेना इकाई शिकायत सौंपते हुए तत्काल कार्रवाई की मांग की गई है। शिकायत में शिवसेना प्रदेश उपाध्यक्ष विवेक पांडे ने बताया कि शहर में बढ़ते अतिक्रमण के कारण सड़कें संकरी हो गई हैं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। वहीं, नो-एंट्री नियमों के बावजूद भारी वाहन जैसे ट्रक और ट्रांसपोर्ट वाहन शहर के अंदर प्रवेश कर रहे हैं। इस मुद्दे पर श्री पांडे ने नाराजगी जताते हुए कहा कि नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। आरोप है कि ट्रांसपोर्टरों द्वारा नियमों का पालन नहीं करने के कारण भारी वाहन संकरी गलियों में भी घुस जाते हैं, जिससे जाम की स्थिति और गंभीर हो जाती है। साथ ही, यातायात पुलिस की पर्याप्त निगरानी न होने से समस्या लगातार बढ़ती जा रही है। इस अव्यवस्था का सबसे अधिक असर स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों, नौकरीपेशा लोगों और व्यापारियों पर पड़ रहा है, जिन्हें रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है। नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि अतिक्रमण हटाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए, नो-एंट्री नियमों का सख्ती से पालन कराया जाए, भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए जाएं और यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए। लोगों को उम्मीद है कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को जल्द ही संज्ञान में लेकर आवश्यक कदम उठाएगा। इस बीच जिलाध्यक्ष बेनाम सिंह बघेल उर्फ भोले, नगर उपाध्यक्ष राजेश गुप्ता सहित कई शिवसैनिक रहे मौजूद
