तहसील न्यायालय मझौली में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण नई दिल्ली एवं म0प्र0 राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण जबलपुर के निर्देशानुसार, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री प्रयाग लाल दिनकर के अध्यक्षता में श्री यतीन्द्र कुमार गुरू विशेष न्यायाधीश सीधी, श्री रवीन्द्र कुमार शर्मा तृतीय जिला न्यायाधीश सीधी, श्री सोनू जैन न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, श्री कपिल देव काछी प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट सीधी, श्री मृदुल लटौरिया न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी सीधी, सुश्री शिवांगी सिंह परिहर प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट तहसील न्यायालय मझौली, सुश्री रूचि परते प्रथम न्यायिक मजिस्ट्रेट तहसील न्यायालय मझौली द्वारा गुरुवार दिनांक 22 जनवरी 2026 को तहसील न्यायालय परिसर मझौली में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश तथा अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सीधी श्री प्रयाग लाल दिनकर ने बताया कि कानून केवल पुस्तकों या न्यायालयों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि यह आम नागरिक के जीवन की सुरक्षा की सबसे बडी़ ढाल है। जब तक समाज का अंतिम व्यक्ति अपने अधिकारों को नहीं जानता तब तक न्याय व्यवस्था का उद्देश्य अधूरा रहेगा’’ उन्होने आमजन नागरिकों से अपील की है कि वे बिना भय या संकोच के कानूनी समस्या के लिए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण से संपर्क कर सकते है। उन्होंने नालसा की योजनाओं, लोक अदालत के लाभ, मध्यस्थता प्रक्रिया तथा शिकायत निवारण के त्वरित उपायों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। साथ ही उन्होने नशा मुक्ति अभियान के तहत युवाओं को उनके उज्जवल भविष्य में नशा को गंभीर बाधा बताते हुए नशे को जीवन से दूर करने के उपाय बताये जो व्यक्ति के भविष्य में कारगर साबित होगे। विशेष न्यायाधीश यतीन्द्र कुमार गुरू द्वारा आमजन नागरिकों को आगामी नेशनल लोक अदालतो के बारे में अवगत कराया। साथ ही उन्होंने बताया कि लोक अदालत न्याय का सशक्त एवं प्रभावी माध्यम हैं जिससे पक्षकारों का समय, धन एवं श्रम तीनो की बचत होती तथा आपसी सौहार्द भी बना रहता है।
