कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी ने ग्राम पंचायत नौगवां धीर सिंह में “एक बगिया मां के नाम” एवं नंदन फलोद्यान कार्यों का किया निरीक्षण,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। कलेक्टर श्री स्वरोचिष सोमवंशी द्वारा जिले की ग्राम पंचायत नौगवां धीर सिंह का भ्रमण कर शासन की महत्वाकांक्षी योजनाओं के अंतर्गत संचालित “एक बगिया मां के नाम” तथा नंदन फलोद्यान कार्यों का स्थल निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं लाभार्थियों को मिलने वाले लाभों की विस्तार से समीक्षा की।
कलेक्टर श्री सोमवंशी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि बगिया एवं फलोद्यान के अंतर्गत लगाए गए पौधों का समुचित संरक्षण, नियमित देखरेख एवं सिंचाई व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, ताकि पौधे सुरक्षित रहें और भविष्य में ग्रामीणों को स्थायी आजीविका का लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इन योजनाओं का उद्देश्य केवल पौधारोपण नहीं, बल्कि पर्यावरण संरक्षण के साथ ग्रामीण परिवारों की आर्थिक मजबूती भी है।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के क्रियान्वयन की वास्तविक स्थिति की जानकारी ली तथा अधिकारियों को समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने एवं गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न करने के निर्देश दिए। उन्होंने यह भी कहा कि महिलाओं एवं स्व-सहायता समूहों की भागीदारी सुनिश्चित कर योजनाओं को जनआंदोलन का रूप दिया जाए। इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी, डीपीएम एनआरएलएम श्री पुष्पेंद्र सिंह, सीईओ जनपद पंचायत श्री चंदूलाल पनिका सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने कलेक्टर को योजनाओं की वर्तमान प्रगति से अवगत कराया।
कलेक्टर ने अंत में कहा कि शासन की ये योजनाएं ग्रामीण क्षेत्रों में हरित आवरण बढ़ाने, पोषण सुरक्षा मजबूत करने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं, जिनका लाभ प्रत्येक पात्र परिवार तक पहुंचाया जाना सुनिश्चित किया जाए।
