भाजपा द्वारा मतदाता सूची से नाम काटने का खेल उजागर, कांग्रेस ने सौंपा जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन,
भाजपा से जुड़े बीएलओ व कार्यकर्ताओं पर फर्जी आपत्तियां दर्ज कराने का आरोप,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के द्वितीय चरण के दौरान भारतीय जनता पार्टी से जुड़े बीएलओ एवं कार्यकर्ताओं द्वारा सुनियोजित ढंग से फर्जी आपत्तियां दर्ज कराकर मतदाताओं के नाम कटवाने के गंभीर आरोप सामने आए हैं। इसी को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने जिला निर्वाचन अधिकारी को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच एवं अवैधानिक तरीके से किए जा रहे नाम विलोपन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी ने ज्ञापन के माध्यम से बताया कि निर्वाचन आयोग की स्पष्ट गाइडलाइन के अनुसार किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित किए जाने की केवल दो ही वैध परिस्थितियां हैं—या तो संबंधित व्यक्ति की मृत्यु हो चुकी हो अथवा उसका नाम किसी अन्य निर्वाचन क्षेत्र की मतदाता सूची में दर्ज हो। यदि किसी मतदाता का नाम दो स्थानों पर दर्ज है, तो आपत्तिकर्ता को इसका विधिवत प्रमाण प्रस्तुत करना अनिवार्य है तथा मतदाता की स्वेच्छा से यह सहमति भी आवश्यक है कि उसका नाम किस स्थान पर रखा जाए। कांग्रेस कमेटी ने आरोप लगाया कि इसके बावजूद भाजपा के जिम्मेदार पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता एक-एक बूथ से सैकड़ों की संख्या में अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अल्पसंख्यक वर्ग एवं कांग्रेस समर्थित मतदाताओं के नाम बिना किसी प्रमाण के प्रारूप-7 के माध्यम से विलोपित कराने हेतु आपत्तियां दर्ज करा रहे हैं। यह पूरी प्रक्रिया न केवल अवैधानिक है, बल्कि इससे भारत की लोकतांत्रिक निर्वाचन व्यवस्था एवं तंत्र पर आमजन का विश्वास भी डगमगाने लगा है। ज्ञापन में विशेष रूप से यह भी उल्लेख किया गया कि ग्रामीण अंचलों में बड़ी संख्या में ऐसे मतदाता हैं, जो पुस्तैनी निवासी हैं और वर्षों से नियमित रूप से मतदान करते आ रहे हैं। बीएलओ द्वारा उनके गणना पत्रक भी भरे गए हैं, जिसके आधार पर उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज है। बावजूद इसके, आजीविका के लिए अस्थायी रूप से बाहर मजदूरी अथवा काम पर गए ऐसे मतदाताओं के नाम काटने के लिए भाजपा से जुड़े बीएलओ द्वारा प्रारूप-7 में आवेदन दिए जा रहे हैं, जो अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है। जिला कांग्रेस कमेटी ने जिला निर्वाचन अधिकारी से मांग की कि सभी अनुविभागीय अधिकारियों एवं तहसीलदारों को स्पष्ट निर्देश जारी किए जाएं कि बिना किसी भौतिक सत्यापन, वैध प्रमाण एवं संबंधित मतदाता की सहमति के किसी भी मतदाता का नाम मतदाता सूची से विलोपित न किया जाए। इससे यह सुनिश्चित हो सके कि कोई भी योग्य मतदाता अपने संवैधानिक मतदान अधिकार से वंचित न हो। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मतदाता सूची में इस प्रकार की अनियमितताओं पर तत्काल रोक नहीं लगाई गई, तो लोकतंत्र की मूल भावना को ठेस पहुंचेगी और आम नागरिकों का निर्वाचन प्रक्रिया से विश्वास उठता जाएगा। जिला कांग्रेस कमेटी ने प्रशासन से निष्पक्ष, पारदर्शी एवं नियमों के अनुरूप कार्रवाई की मांग की है। प्रतिनिधिमंडल में प्रमुख रूप से महामंत्री नवीन सिंह, महामंत्री ओमकार करचुली, महामंत्री ज्ञानेंद्र अग्निहोत्री, महामंत्री अखण्ड प्रताप सिंह,ब्लॉक अध्यक्ष विवेक सिंह दीपू, ब्लॉक अध्यक्ष अरविंद तिवारी, सचिव राहुल शुक्ला शामिल रहें।
