कांग्रेस द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास जयंती पर विचार गोष्ठी, मातृशक्ति सम्मान समारोह आयोजित,

गुरु रविदास जी का जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव गरिमा का संदेश देता है :- ज्ञान,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। सीधी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बम्हनी में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के अवसर पर ब्लॉक कांग्रेस कमेटी सेमरिया द्वारा विचार गोष्ठी एवं माताओं बहनों के सम्मान समारोह का आयोजन गरिमामय वातावरण में किया गया। कार्यक्रम में जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने की। कार्यक्रम की शुरुआत संत गुरु रविदास जी के चित्र पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में माताएं-बहनें एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। मुख्य अतिथि के रूप में संबोधित करते हुए जिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्ञान सिंह ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी का संपूर्ण जीवन सामाजिक समरसता, समानता और मानव गरिमा का संदेश देता है। उन्होंने जाति-भेद और ऊंच-नीच को नकारते हुए समता मूलक समाज की स्थापना का मार्ग दिखाया। आज आवश्यकता है कि हम उनके विचारों को अपने जीवन में उतारें और सामाजिक सौहार्द को मजबूत करें। ज्ञान सिंह ने आगे कहा कि माताएं, बहनें और बेटियां समाज की आधारशिला हैं। परिवार, समाज और राष्ट्र के निर्माण में उनकी भूमिका अतुलनीय है। जब नारी सशक्त होती है, तब समाज स्वतः सशक्त होता है। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित सभी माताओं-बहनों को वस्त्र एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने कहा कि कांग्रेस पार्टी सदैव संत रविदास जी के समता, न्याय और भाईचारे के विचारों पर चलने वाली पार्टी रही है और ऐसे आयोजन समाज में सकारात्मक चेतना जागृत करने का कार्य करते हैं। इस अवसर पर प्रमुख रूप से विनोद विश्वकर्मा, मनोज कोल, प्रभात वर्मा, वंसरूप साकेत, शिवभगत केवट, अशोक नवैत, मुनींद्र साकेत, राजबहोर साकेत सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता, माताएं-बहनें एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन सामूहिक सद्भाव और सामाजिक एकता के संकल्प के साथ किया गया।
