EWS प्रमाण पत्र प्रकरण में पटवारी पर मारपीट का गंभीर आरोप,
एक सप्ताह में कार्रवाई नहीं हुई तो धरना-प्रदर्शन की चेतावनी,
बीरबलभूमि समाचार सीधी/रीवा। EWS प्रमाण पत्र बनाए जाने के दौरान लापरवाही, अभद्र भाषा, मानसिक उत्पीड़न एवं नायक तहसीलदार के समक्ष मारपीट किए जाने के गंभीर मामले को लेकर भारतीय भवन एवं अन्य सनिर्माण मजदूर संघ द्वारा सीधी कलेक्टर के नाम ज्ञापन सौंपा गया। यह ज्ञापन संघ के रीवा संभागीय उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी के नेतृत्व में दिया गया। इस अवसर पर श्री तिवारी ने आरोप लगाया कि पटवारी फारीद अंसारी द्वारा संजय तिवारी का EWS प्रमाण पत्र जानबूझकर नहीं बनाया जा रहा था। इसी शिकायत को लेकर जब संजय तिवारी नायक तहसीलदार के पास पहुंचे, तो वहां पटवारी फारीद अंसारी ने तहसीलदार के सामने ही संजय तिवारी का कॉलर पकड़कर मारपीट की। यह घटना प्रशासनिक मर्यादाओं और कानून व्यवस्था पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है। पीड़ित संजय तिवारी ने बताया कि उनके साथ की गई मारपीट की शिकायत उन्होंने पहले कलेक्टर एवं सांसद से भी की, लेकिन इसके बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। कार्रवाई न होने से आहत होकर उन्होंने भारतीय भवन एवं अन्य सनिर्माण मजदूर संघ के रीवा संभागीय उपाध्यक्ष विकाश नारायण तिवारी से शिकायत की। श्री तिवारी ने कहा कि जब कोई गरीब व श्रमिक वर्ग का व्यक्ति शासन की जनकल्याणकारी योजना का लाभ लेने सरकारी कार्यालय जाता है और उसके साथ इस तरह का अमानवीय व्यवहार किया जाता है, तो यह पूरे प्रशासनिक तंत्र की संवेदनशीलता पर सवाल खड़ा करता है। उन्होंने मांग की कि पूरे मामले की निष्पक्ष व पारदर्शी जांच कर दोषी पटवारी के विरुद्ध तत्काल विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई की जाए। संघ ने चेतावनी दी कि यदि एक सप्ताह के भीतर कार्रवाई नहीं की गई, तो भारतीय भवन एवं अन्य सनिर्माण मजदूर संघ द्वारा धरना-प्रदर्शन किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी। ज्ञापन सौंपते समय संघ के कार्यकर्ता बृहस्पति तिवारी, राममणि मिश्रा, संजय तिवारी, पिंटू तिवारी, अंशु तिवारी, अजय तिवारी, संतोष तिवारी, बाबूलाल साकेत, रमेश यादव, रामवती साकेत, रमेश रावत सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

