अभियान ‘मुस्कान’ के तहत चुरहट पुलिस की बड़ी सफलता, पुणे और रीवा से 02 बालक एवं 01 बालिका को किया दस्तयाब, परिजनों के चेहरे पर लौटी खुशी,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। पुलिस अधीक्षक सीधी श्री संतोष कोरी के कुशल निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट श्री रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में चुरहट पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता का परिचय देते हुए एक महत्वपूर्ण सफलता अर्जित की है। थाना चुरहट क्षेत्र के अलग-अलग ग्रामों से लापता हुए 02 बालकों और 01 बालिका को पुलिस टीम ने अथक प्रयासों के बाद सुरक्षित दस्तयाब कर उनके परिजनों के सुपुर्द किया है। यह समस्त कार्यवाही विशेष ‘अभियान मुस्कान’ के तहत संचालित की गई।
मामलों का विस्तृत विवरण: थाना चुरहट में दर्ज तीन अलग-अलग नाबालिक बच्चों की गुमशुदगी की शिकायतों पर त्वरित संज्ञान लेते हुए विशेष टीमों का गठन किया गया था। जांच के दौरान यह तथ्य सामने आए:
प्रथम मामला (पुणे से वापसी): घर में सामान्य पारिवारिक कहा-सुनी से क्षुब्ध होकर एक बालक बिना किसी को सूचना दिए घर से निकल गया था और पुणे (महाराष्ट्र) चला गया था। चुरहट पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर बालक का मोबाइल नंबर प्राप्त कर उससे निरंतर संपर्क साधा। पुलिस टीम ने बालक को फोन पर बेहद संवेदनशीलता से समझाया और उसे वापस आने के लिए राजी किया, जिसके बाद बालक सुरक्षित वापस लौट आया।
द्वितीय एवं तृतीय मामला (रीवा से दस्तयाबी): एक अन्य मामले में भविष्य की चिंता व काम की तलाश में निकला एक बालक तथा परिजनों की डांट से नाराज होकर घर से निकली एक बालिका के संबंध में पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। साइबर सेल की मदद से लोकेशन ट्रैक करने पर पता चला कि दोनों जिला रीवा में हैं। तत्काल पुलिस टीम ने रीवा में दबिश देकर दोनों को सकुशल दस्तयाब किया।
सराहनीय भूमिका: इस पूरी कार्यवाही में थाना प्रभारी चुरहट उनि. दीपक बघेल, सहायक उपनिरीक्षक मनोज वर्मा, सहायक उपनिरीक्षक ओमप्रकाश पांडेय, प्रधान आरक्षक धीरेंद्र बागड़ी, महिला प्रधान आरक्षक सुधा सिंह एवं आरक्षक उदय प्रकाश तिवारी की मुख्य एवं सराहनीय भूमिका रही।
काउंसलिंग और संदेश: बच्चों की सुरक्षित वापसी के उपरांत थाने में उनकी और उनके परिजनों की उचित काउंसलिंग की गई। पुलिस द्वारा बच्चों को समझाया गया कि आवेश में आकर घर छोड़ना असुरक्षित हो सकता है, वहीं परिजनों को भी बच्चों की मानसिक स्थिति को समझने और उनके साथ प्रेमपूर्वक व्यवहार करने की सलाह दी गई। सुरक्षित वापसी पर परिजनों ने सीधी पुलिस प्रशासन और चुरहट टीम का हृदय से आभार व्यक्त किया है।
