गेहूं उपार्जन में देरी के खिलाफ चुरहट में कांग्रेस का प्रदर्शन, एसडीएम को सौंपा ज्ञापन,

किसानों की समस्याओं पर भाजपा सरकार गंभीर नहीं:- ज्ञान सिंह,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ज्ञान सिंह की अगुवाई तथा ब्लॉक कांग्रेस कमेटी रामपुर नैकिन के अध्यक्ष प्रदीप द्विवेदी एवं ब्लॉक कांग्रेस कमेटी चुरहट के अध्यक्ष रामभिलास पटेल के संयुक्त नेतृत्व में किसानों की विभिन्न समस्याओं को लेकर अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) रामपुर नैकिन, जिला सीधी को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कांग्रेस पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में वर्तमान समय में किसान अनेक समस्याओं से जूझ रहे हैं। गेहूं उपार्जन की तिथियों को बार-बार बदला जा रहा है, जिससे किसानों में भारी असंतोष व्याप्त है। पहले 23 मार्च, फिर 1 अप्रैल, उसके बाद 10 अप्रैल और अब 15 अप्रैल तक तिथियों को आगे बढ़ाया जाना किसानों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
ज्ञापन के दौरान ज्ञान सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा सहकारी संस्थाओं के माध्यम से ऋण वसूली की अंतिम तिथि 31 मार्च निर्धारित किए जाने से कई किसान डिफाल्टर घोषित हो गए हैं। वहीं मजबूरी में किसानों को अपनी उपज ₹2000 से ₹2200 प्रति क्विंटल के कम दामों पर बेचनी पड़ रही है, जिससे उन्हें आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
इसके अलावा उपार्जन केंद्रों पर अव्यवस्थाओं और समय पर खरीदी शुरू न होने से किसानों की समस्याएं और बढ़ गई हैं।
ज्ञापन के माध्यम से कांग्रेस ने मांग की कि गेहूं उपार्जन की प्रक्रिया शीघ्र प्रारंभ की जाए, तिथियों में स्थिरता लाई जाए, किसानों को उनकी उपज का उचित समर्थन मूल्य मिले, ऋण वसूली की अंतिम तिथि बढ़ाई जाए एवं डिफाल्टर किसानों को राहत दी जाए, साथ ही उपार्जन केंद्रों की व्यवस्थाओं को दुरुस्त किया जाए। इस दौरान संगठन महासचिव ज्ञानेन्द्र अग्निहोत्री, पूर्व जिला पंचायत उपाध्यक्ष रतिभान पटेल, कमलेश्वर सिंह, अरविन्द सिंह रोशन, अनुज सिंह, जैनेन्द्र पटेल, चंद्रमणि पाण्डेय, सुखनन्दन सोनी, रामपाल सिंह, कृष्णकुमार सिंह, ज्ञानेन्द्र सिंह, जगतपाल सिंह, रामनिवास पटेल, युवा कांग्रेस अध्यक्ष विपिन सिंह, शुभम पटेल, प्रेम सिंह, पंकज सिंह, शिवनारायण सिंह, संतोष सिंह सहित कई वरिष्ठ एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
