पनवार हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण हेतु तकनीकी निरीक्षण, एयर एंबुलेंस सुविधा होगी सुदृढ़,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। पनवार हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण एवं उन्नयन को लेकर आज तकनीकी टीम द्वारा निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया। इस दौरान हवाई पट्टी की वर्तमान स्थिति, सुरक्षा व्यवस्था तथा आवश्यक मरम्मत एवं सुधार कार्यों का विस्तृत परीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान हवाई पट्टी को सुरक्षित, व्यवस्थित एवं उपयोगी बनाने के लिए आवश्यक सुझाव दिए गए। विशेष रूप से आपातकालीन परिस्थितियों में एयर एंबुलेंस सेवा के प्रभावी संचालन को ध्यान में रखते हुए आधारभूत संरचना को मजबूत करने पर जोर दिया गया।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही,
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रदेश में हवाई पट्टियों के विकास एवं उन्नयन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। “मध्यप्रदेश नागर विमानन नीति 2025” के तहत हवाई पट्टियों को निर्धारित मानकों के अनुरूप विकसित करने की दिशा में कार्य किए जा रहे हैं, जिससे औद्योगिक, पर्यटन एवं स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा मिल सके। इसी क्रम में पनवार हवाई पट्टी के सुदृढ़ीकरण, सुरक्षा व्यवस्था के उन्नयन एवं आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए कार्ययोजना तैयार कर चरणबद्ध तरीके से क्रियान्वयन किया जाएगा। आज के निरीक्षण में श्री प्रीतिश यादव (सहायक महाप्रबंधक प्रचालन), श्री गौरव मिश्रा (सहायक महाप्रबंधक सीएनएस), श्री सचिन भाटी (प्रबंधक एटीसी) एवं श्री प्रमोद वैकुंठराव खरोड़े (प्रबंधक अग्निशमन) सहित तकनीकी टीम ने स्थल का विस्तृत अवलोकन किया। इस दौरान डिप्टी कलेक्टर प्रिया पाठक, उपखंड अधिकारी गोपद बनास राकेश शुक्ला, नायब तहसीलदार एकता शुक्ला, ईई पीडब्ल्यूडी अनामिका सिंह, एसडीओ पीडब्ल्यूडी स्तुति गौतम, उपयंत्री बाबूलाल गुप्ता सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
