09 अप्रैल को बहरी में ‘संकल्प से समाधान’ शिविर, हितग्राहियों को मिलेगा योजनाओं का लाभ,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के जनपद पंचायत सिहावल अंतर्गत तहसील बहरी मुख्यालय स्थित हायर सेकेंड्री स्कूल बहरी में 09 अप्रैल को “संकल्प से समाधान” कार्यक्रम के तहत शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन को सुनिश्चित करना एवं पात्र हितग्राहियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। शिविर के सफल संचालन के लिए अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) राजेश शुक्ला एवं जनपद पंचायत सिहावल की मुख्य कार्यपालन अधिकारी रश्मि पाण्डेय को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। कार्यक्रम के दौरान संकल्प से समाधान अभियान के अंतर्गत विभिन्न योजनाओं से संबंधित हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया जाएगा। साथ ही विभिन्न विभागों द्वारा अपने-अपने स्टाल लगाकर योजनाओं की जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी, जिससे आमजन को एक ही स्थान पर आवश्यक सुविधाएं मिल सकें। शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें नागरिकों का निःशुल्क स्वास्थ्य परीक्षण कर आवश्यक परामर्श एवं उपचार प्रदान किया जाएगा। यह शिविर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित होगा।
