पड़री में जल संरक्षण की पहल, पोखरी तालाब की सफाई व श्रमदान से दिया जागरूकता का संदेश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जनपद पंचायत सीधी अंतर्गत ग्राम पंचायत पड़री में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जल संरक्षण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। इस दौरान पोखरी तालाब में गाद निकालने एवं साफ-सफाई का कार्य श्रमदान के माध्यम से किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों ने सामूहिक रूप से जल संरक्षण की शपथ ली और जल के महत्व को समझते हुए इसे निरंतर आगे बढ़ाने का संकल्प लिया। इस अवसर पर “जल ही जीवन है” के संदेश को आत्मसात करते हुए सभी ने जल संरक्षण को जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने कहा कि बढ़ती जनसंख्या, शहरीकरण एवं औद्योगिकीकरण के कारण जल स्रोतों का अत्यधिक दोहन हो रहा है। साथ ही प्रदूषण एवं जलवायु परिवर्तन ने जल संकट को और गंभीर बना दिया है। ऐसे में जल संरक्षण के प्रति सामूहिक प्रयास समय की सबसे बड़ी आवश्यकता बन गए हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत इस प्रकार की सतत गतिविधियों को जल संरक्षण की दिशा में एक मजबूत पहल बताया गया। ग्रामीणों की सक्रिय भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप ले रहा है, जो भविष्य में जल संकट से निपटने में सहायक सिद्ध होगा। कार्यक्रम में सुरेश प्रजापति, श्यामसुंदर सिंह, उपमंत्री प्रीति पांडे, सचिव बृजेंद्र त्रिपाठी, रोजगार सहायक राकेश सिंह सहित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
