संवेदनशील पहलः अंबेडकर जयंती पर अंत्योदय शिविर, सफाई मित्रों को सामाजिक सुरक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। अंबेडकर जयंती के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा संवेदनशील पहल करते हुए कलेक्टर श्री विकास मिश्रा के निर्देशन में जिलेभर में अंत्योदय शिविरों का आयोजन किया जा रहा है। इसी क्रम में नगर पालिका सीधी में श्रम विभाग द्वारा श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत सफाई मित्रों के पंजीयन हेतु विशेष शिविर आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रमिकों ने भाग लेकर योजनाओं का लाभ उठाया। शिविर में स्वास्थ्य विभाग एवं आयुष विभाग के संयुक्त प्रयास से सफाईकर्मियों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। उन्हें आवश्यक जांच, परामर्श एवं उपचार सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। यह पहल न केवल श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा से जोड़ने का माध्यम बनी, बल्कि उनके स्वास्थ्य के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता भी प्रदर्शित करती है।
श्रमिकों को मिली योजनाओं की व्यापक जानकारी
शिविर के दौरान श्रम विभाग द्वारा विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी देते हुए श्रमिकों को जागरूक किया गया। प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना के तहत असंगठित क्षेत्र के श्रमिकों को 60 वर्ष की आयु के बाद मासिक पेंशन की सुविधा के बारे में बताया गया। इसके साथ ही मुख्यमंत्री जनकल्याण (संबल) योजना अंतर्गत प्रसूति सहायता, दुर्घटना सहायता, अनुग्रह सहायता एवं अंत्येष्टि सहायता जैसी योजनाओं की जानकारी दी गई। निर्माण श्रमिक पंजीयन, श्रमिक कार्ड, बच्चों की शिक्षा सहायता, विवाह सहायता एवं औजार अनुदान जैसी सुविधाओं के बारे में भी विस्तार से बताया गया। श्रमिकों को ई-श्रम पोर्टल पर पंजीयन कराने के लिए प्रेरित किया गया, ताकि वे केंद्र एवं राज्य शासन की योजनाओं का लाभ सरलता से प्राप्त कर सकें। सहायक श्रम पदाधिकारी सुश्री आकांक्षा पाठक ने बताया कि प्रशासन का उद्देश्य समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। इस तरह के शिविरों के माध्यम से पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही पंजीयन, जानकारी एवं सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जिससे शासन की मंशा के अनुरूप समावेशी विकास को बढ़ावा मिल रहा है।इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती काजल वर्मा, सीएमओ सुश्री प्रिया पाठक, सहायक श्रम अधिकारी सुश्री आकांक्षा पाठक सहित जनप्रतिनिधि एवं विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
#Sidhi #JansamparkMP
Jansampark Madhya Pradesh
CM Madhya Pradesh
