इन्क्यूबेशन सेंटर में नवाचारों के व्यावसायीकरण पर विशेष कार्यक्रम आयोजित,

छात्रों को प्रौद्योगिकी हस्तांतरण व स्टार्टअप की दी गई व्यावहारिक जानकारी,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। उच्च शिक्षा विभाग मध्य प्रदेश के कैलेंडर अनुसार प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीधी के इन्क्यूबेशन सेंटर में नवाचारों को व्यावसायिक उत्पादों में परिवर्तित करने तथा प्रौद्योगिकी हस्तांतरण की प्रक्रिया पर एक विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य छात्र-छात्राओं एवं युवा शोधकर्ताओं को नवाचारों के व्यावसायीकरण और टेक्नोलॉजी ट्रांसफर की व्यावहारिक जानकारी प्रदान करना रहा। मुख्य वक्ता के रूप में शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय मऊगंज के सहायक प्राध्यापक (भूगोल) डॉ. अनवर खान उपस्थित रहे। अपने उद्बोधन में डॉ. खान ने नवाचार के आइडिया से लेकर उसे व्यावसायिक उत्पाद में बदलने की प्रक्रिया को चरणबद्ध तरीके से समझाया। उन्होंने बौद्धिक संपदा अधिकार, पेटेंट, लाइसेंसिंग, स्टार्टअप निर्माण तथा उद्योग-अकादमिक सहयोग पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नवाचार को केवल शोध पत्रों तक सीमित न रखकर उसे बाजार की जरूरतों के अनुरूप विकसित करना आवश्यक है, जिससे वह समाज और अर्थव्यवस्था के लिए उपयोगी बन सके। कार्यक्रम के दौरान छात्र-छात्राओं ने नवाचार, स्टार्टअप एवं प्रौद्योगिकी हस्तांतरण से संबंधित विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका विस्तारपूर्वक समाधान किया गया। इस अवसर पर इन्क्यूबेशन सेंटर के नोडल अधिकारी डॉ. राकेश कुमार प्रजापति, सहायक नोडल अधिकारी डॉ. गुलाम मोइनुद्दीन, सदस्य डॉ. मुकेश यादव, डॉ. वरुण कुमार सिंह, डॉ. प्रमोद कुमार सिंह सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में सहायक प्राध्यापक अर्थशास्त्र डॉ. मुकेश कुमार यादव द्वारा आभार व्यक्त किया गया।
