अंबेडकर जयंती पर नक्झरकला में ग्राम सभा,
विधायक विश्वामित्र पाठक ने 60 लाख के विकास कार्यों का किया लोकार्पण,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के शुभ अवसर पर ग्राम पंचायत नक्झरकला में ग्राम सभा एवं लोकार्पण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विधायक सिहावल विश्वामित्र पाठक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने बाबा साहब के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की।कार्यक्रम के दौरान हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरण किया गया। साथ ही लगभग 60 लाख रुपये की लागत के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया गया। इनमें मोती बढ़ई के घर से बड़नगर पहुंच मार्ग तक पीसीसी रोड निर्माण (लागत ₹14.99 लाख), नक्झारकला में पीसीसी रोड निर्माण (₹5 लाख), ग्राम पंचायत खींचीपुर में आदिवासी बस्ती से पसरा टोला तक पीसीसी सड़क निर्माण (₹25 लाख) तथा मुख्य मार्ग से आदिवासी बस्ती स्थित शासकीय उचित मूल्य राशन दुकान तक मार्ग एवं पुलिया निर्माण (₹15 लाख) शामिल हैं।विधायक पाठक ने अपने उद्बोधन में ग्रामीणों से आह्वान किया कि वे ग्राम सभा में अधिक से अधिक संख्या में भाग लें और अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं को सामने रखें, जिससे योजनाओं का लाभ सभी पात्र लोगों तक पहुंच सके और आदर्श ग्राम का निर्माण संभव हो। कार्यक्रम में एसडीएम राजेश शुक्ल, जनपद पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी रोहित उपाध्याय, बीडीओ रश्मि पांडे, अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी अजय द्विवेदी, एसडीओ श्रवण चतुर्वेदी, बीपीओ कमता तिवारी, सीडीपीओ अनसूया बाजपेई, बीसी मनमुरत मिश्रा, बीएम राहुल शुक्ल, ग्राम पंचायत सरपंच सचिन, ग्राम रोजगार सहायक सहित अन्य अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

