विधायक ने किया उपखंड कार्यालय भवन सिहावल का शुभारंभ,

“सुचारू कार्य संचालन के लिए भवन व संसाधन अत्यंत आवश्यक” – विधायक विश्वामित्र पाठक,
“बेहतर सेवाओं के लिए मजबूत आधारभूत संरचना जरूरी” – विधायक विश्वामित्र पाठक,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। विधानसभा क्षेत्र सिहावल अंतर्गत उपखंड कार्यालय भवन (लागत 1.15 करोड़ रुपये) का शुभारंभ दिनांक 19 अप्रैल 2026 को विधायक विश्वामित्र पाठक के मुख्य आतिथ्य में पूजा-अर्चना, वैदिक मंत्रोच्चार एवं फीता काटकर संपन्न हुआ। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं क्षेत्रीय नागरिकों की गरिमामय उपस्थिति रही। कार्यक्रम के दौरान कार्यपालन यंत्री पीआईयू श्री कौशल सिंह परते ने भवन की संरचना, लागत एवं उपयोगिता के संबंध में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बताया कि यह भवन आधुनिक सुविधाओं से युक्त है, जिससे प्रशासनिक कार्यों का संचालन अधिक व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से किया जा सकेगा। मुख्य अतिथि विधायक श्री विश्वामित्र पाठक ने कहा कि किसी भी संस्थान के सुचारू संचालन के लिए सुदृढ़ भवन और पर्याप्त संसाधन अत्यंत आवश्यक होते हैं। इस नवीन उपखंड कार्यालय भवन के निर्माण से क्षेत्रवासियों को अब प्रशासनिक सेवाएं अधिक सुलभ, व्यवस्थित और गुणवत्तापूर्ण तरीके से प्राप्त होंगी। उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता है कि आमजन को बेहतर सेवाएं समयबद्ध और सहज तरीके से मिलें। इसके लिए भवनों के निर्माण के साथ-साथ आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता भी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने आश्वस्त किया कि सिहावल विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को निरंतर गति दी जा रही है और आगे भी हर क्षेत्र में अधोसंरचना को मजबूत किया जाएगा। विधायक ने कहा कि आज का यह शुभारंभ उसी विकास श्रृंखला की एक महत्वपूर्ण कड़ी है, जिससे प्रशासनिक व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होगी तथा आमजन को इसका सीधा लाभ मिलेगा। कार्यक्रम के पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य अतिथियों ने भवन के विभिन्न कक्षों का अवलोकन कर व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सीधी शैलेंद्र सिंह सोलंकी, एसडीएम राजेश शुक्ला, अतिरिक्त सीईओ धनंजय मिश्रा, जनपद सीईओ रोहित उपाध्याय, तहसीलदार जयप्रकाश पाण्डेय, बीडीओ सुश्री रश्मि पाण्डेय, मंडल अध्यक्ष विमलेश रावत सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
