सोन नदी में अवैध रेत खनन पर बड़ी कार्रवाईः 9 हाईवा वाहन जप्त,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। संजय टाइगर रिजर्व सीधी के उपसंचालक के कुशल मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में गठित टीम द्वारा अवैध रेत खनन के विरुद्ध बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 हाईवा वाहनों को जप्त किया गया। दिनांक 18 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना के आधार पर परिक्षेत्र सोन घड़ियाल अभ्यारण रामपुर नैकिन के बीट कुवरी अंतर्गत कुवरी घाट, सुखाड़ पुल, सोन नदी क्षेत्र में संयुक्त टीम द्वारा दबिश दी गई। कार्रवाई के दौरान रात्रि लगभग 7.30 बजे अवैध रूप से रेत खनन करते हुए 9 हाईवा वाहनों को मौके पर पकड़ा गया। इस संयुक्त कार्रवाई में परिक्षेत्र अधिकारी सोन घड़ियाल अभ्यारण सीधी, रामपुर नैकिन, चितरंगी, बगदरा एवं व्यवहारी के वन अमले ने सहभागिता निभाई। कार्रवाई के दौरान मौके पर न तो कोई वाहन मालिक मिला और न ही चालक, जो टीम को देखकर मौके से फरार हो गए। वन विभाग द्वारा मौके पर विधिवत जप्ती की कार्रवाई पूर्ण करने के उपरांत दिनांक 19 अप्रैल 2026 को सभी जप्त वाहनों को थाना कोतवाली सीधी में सुपुर्द कर सुरक्षार्थ खड़ा कराया गया है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि अवैध खनन के विरुद्ध इस प्रकार की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी और दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
