‘संकल्प’ पहल से सिविल सेवा की राह आसान, अंतिम सप्ताह की तैयारी पर विशेष फोकस,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। सिविल सर्विसेज डे 2026 के अवसर पर जिला प्रशासन सीधी द्वारा युवाओं के उज्ज्वल भविष्य के लिए शुरू की गई ‘संकल्प’ पहल लगातार सकारात्मक परिणाम दे रही है। कलेक्टर की प्रेरणा से संचालित इस पहल का उद्देश्य जिले के प्रतिभाशाली युवाओं, विशेषकर गरीब एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों को सिविल सेवा परीक्षाओं के लिए सही दिशा, संसाधन और प्रभावी मार्गदर्शन उपलब्ध कराना है। डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक के नेतृत्व में नगर पालिका सीधी के पुस्तकालय में संचालित इस पहल के अंतर्गत विद्यार्थियों को अनुशासित, शांत और प्रेरणादायक अध्ययन वातावरण मिल रहा है। नियमित कक्षाओं के माध्यम से अभ्यर्थियों को लक्ष्य के प्रति केंद्रित रखते हुए उनकी तैयारी को व्यवस्थित रूप दिया जा रहा है। रविवार को आयोजित कक्षा में आगामी रविवार को होने वाली राज्य सेवा प्रारंभिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष रणनीतिक मार्गदर्शन प्रदान किया गया। अंतिम सप्ताह में तैयारी को कैसे सुदृढ़ किया जाए, इस पर विस्तार से चर्चा करते हुए अभ्यर्थियों को सलाह दी गई कि वे इस समय नए विषय शुरू करने के बजाय पहले से पढ़े गए विषयों का गहन पुनरावलोकन करें, महत्वपूर्ण तथ्यों एवं स्वयं के बनाए नोट्स को दोहराएं तथा मॉक टेस्ट के माध्यम से अपनी तैयारी का मूल्यांकन करें। कक्षा में परीक्षा के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों पर भी विस्तार से जानकारी दी गई। अभ्यर्थियों को समय प्रबंधन, प्रश्नों का संतुलित चयन, जल्दबाजी से बचने तथा नकारात्मक अंकन को ध्यान में रखते हुए उत्तर देने की समझ विकसित करने पर जोर दिया गया। साथ ही परीक्षा केंद्र पर समय से पहुंचने, आवश्यक दस्तावेज साथ रखने एवं मानसिक रूप से शांत एवं आत्मविश्वासी बने रहने की भी सलाह दी गई। ‘संकल्प’ पहल की विशेषता यह है कि इसमें चयनित अधिकारियों द्वारा सीधे मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है। उनके अनुभवों, रणनीतियों और व्यावहारिक सुझावों से अभ्यर्थियों को सही दिशा मिल रही है, जिससे तैयारी के दौरान होने वाला भ्रम और भटकाव काफी हद तक कम हो रहा है। यह पहल सीधी जिले के प्रतिभाशाली युवाओं के लिए एक सशक्त मंच के रूप में उभर रही है, जहां वे अपनी क्षमता को निखारते हुए बड़े लक्ष्यों की ओर अग्रसर हो रहे हैं। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर एवं वंचित वर्ग के विद्यार्थियों के लिए ‘संकल्प’ नई आशा और अवसर लेकर आया है। जिला प्रशासन की यह पहल न केवल शिक्षा के क्षेत्र में नवाचार को दर्शाती है, बल्कि समान अवसर एवं समावेशी विकास की दिशा में भी एक महत्वपूर्ण कदम है। आने वाले समय में यह पहल अनेक युवाओं को सफलता की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में सहायक सिद्ध होगी।
