जनगणना 2027: विकास की आधारशिला, सभी से सहयोग की अपील,

जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ बैठक आयोजित की गई,
“कोई भी छूटे नहीं” के संकल्प के साथ जिले में व्यापक तैयारियां,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में जनगणना 2027 के सफल एवं सुव्यवस्थित क्रियान्वयन के लिए कलेक्टर विकास मिश्रा की उपस्थिति में जनप्रतिनिधियों एवं विभिन्न राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जनगणना से संबंधित प्रावधानों, प्रक्रियाओं एवं समय-सीमा की विस्तृत जानकारी दी गई तथा सभी से सक्रिय सहभागिता की अपील की गई। बैठक में सांसद डॉ. राजेश मिश्रा एवं विधायक श्रीमती रीती पाठक ने जनगणना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डाला। सांसद डॉ. मिश्रा ने कहा कि जनगणना केवल आंकड़ों का संग्रह नहीं, बल्कि देश के विकास की मजबूत आधारशिला है। इसके माध्यम से शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, आवास एवं अन्य बुनियादी सुविधाओं की योजनाएं तैयार की जाती हैं। सही एवं सटीक जानकारी मिलने से ही शासन द्वारा संसाधनों का न्यायसंगत वितरण संभव हो पाता है। विधायक श्रीमती रीती पाठक ने कहा कि जनगणना से प्राप्त आंकड़े भविष्य की नीतियों एवं योजनाओं को दिशा देते हैं। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे जनगणना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और सही जानकारी उपलब्ध कराएं। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं, युवाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को जागरूक करने पर जोर देते हुए कहा कि “कोई भी छूटे नहीं” के संकल्प के साथ सभी को इस राष्ट्रीय कार्य में भागीदारी सुनिश्चित करनी चाहिए। कलेक्टर विकास मिश्रा ने बताया कि जनगणना एक महत्वपूर्ण राष्ट्रीय दायित्व है, जिसके आधार पर शासन की विभिन्न योजनाओं का निर्माण एवं संसाधनों का समुचित वितरण सुनिश्चित किया जाता है। उन्होंने कहा कि जनगणना के आंकड़े ही विकास की दिशा तय करते हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का इसमें शामिल होना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को जागरूक करें, ताकि कोई भी व्यक्ति गणना से वंचित न रह जाए। इस अवसर पर सांसद डॉ. राजेश मिश्रा द्वारा उपस्थित जनों को जनगणना की शपथ भी दिलाई गई, जिसमें सभी ने जनगणना कार्य में पूर्ण सहयोग करने एवं दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने का संकल्प लिया। बैठक में सुमित मौर्य ने बताया कि कि 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना (Self Enumeration) की प्रक्रिया संचालित की जा रही है, जिसके अंतर्गत नागरिक se.census.gov.in पोर्टल के माध्यम से स्वयं अपनी जानकारी दर्ज कर सकते हैं। इसके पश्चात 01 मई से 31 मई तक प्रगणकों द्वारा घर-घर जाकर मकानों का सूचीकरण का कार्य किया जाएगा। जनगणना कार्य के सुचारू संचालन हेतु जिले में 2244 गणना ब्लॉक बनाए गए हैं। इसके लिए 2006 प्रगणक नियुक्त किए गए हैं, जबकि 207 प्रगणक रिजर्व में रखे गए हैं। साथ ही 334 सुपरवाइजर एवं 44 रिजर्व सुपरवाइजर तैनात किए गए हैं। कलेक्टर ने कहा कि जिला प्रशासन जनगणना 2027 के लिए पूरी तरह तैयार है और सभी के सहयोग से इस कार्य को सफल बनाया जाएगा। बैठक में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों एवं नागरिकों ने भी जनगणना को सफल बनाने के लिए पूर्ण सहयोग का आश्वासन दिया। बैठक में जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू सिंह, जनपद अध्यक्ष मझौली सुनैना सिंह, नगर परिषद अध्यक्ष चुरहट मोनिका गुप्ता, मझौली शंकरलाल गुप्ता, कम्युनिस्ट पार्टी से सुंदर सिंह बघेल, कांग्रेस से अखंड प्रताप सिंह, भाजपा से अमित प्रधान सहित गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। अपर कलेक्टर बीपी पाण्डेय, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, संयुक्त कलेक्टर राजेश शुक्ला, उपखंड अधिकारी राकेश शुक्ला सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
