तहसीलदार के कथित बयान पर बवाल, रेलवे निर्माण कार्य को लेकर बढ़ा विवाद,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के रामपुर नैकिन तहसील क्षेत्र में रेलवे निर्माण कार्य के बीच प्रशासनिक कार्यशैली को लेकर विवाद गहराता नजर आ रहा है। ग्राम ममदर क्षेत्र में ललितपुर–सिंगरौली रेलवे ट्रैक निर्माण के चलते ग्रामीणों की समस्याओं को लेकर उठे सवाल अब तूल पकड़ते जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि निर्माण कार्य के कारण गांव की पुरानी सड़क पूरी तरह बाधित हो गई है, जिससे आवागमन में भारी दिक्कतें सामने आ रही हैं। इसी मुद्दे को लेकर भाजपा नेत्री एवं किशोर बोर्ड न्यायालय की सदस्य एड. रंजना मिश्रा ने निरीक्षण के दौरान प्रशासन से सवाल उठाए।
इस दौरान रामपुर नैकिन तहसीलदार आशीष मिश्रा के कथित बयान ने विवाद को और बढ़ा दिया। आरोप है कि उन्होंने कहा— “काम चलता रहेगा… सुविधा मिले या न मिले… विरोध करोगे तो पुलिस से पकड़वा देंगे।” साथ ही एक अन्य कथन— “अगर पानी भर जाएगा तो आपको तैराकर निकलवा लेंगे”—भी चर्चा में है।
एड. रंजना मिश्रा ने इस पर कड़ी आपत्ति जताते हुए कहा कि ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनने के बजाय इस तरह के गैर-जिम्मेदाराना बयान देना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों का विरोध नहीं है, लेकिन आमजन की बुनियादी सुविधाओं की अनदेखी स्वीकार नहीं की जा सकती।
ग्रामीणों की प्रमुख समस्याएं:-
निर्माण के कारण सड़क पूरी तरह बाधित
मार्ग पर गड्ढे एवं अधूरा कार्य
बरसात में संपर्क टूटने की आशंका
वैकल्पिक रास्ते का अभाव
ग्रामीणों ने मांग की है कि बरसात से पहले सड़क निर्माण पूर्ण किया जाए, सुरक्षित वैकल्पिक मार्ग उपलब्ध कराया जाए तथा अधिकारियों द्वारा संवेदनशील व्यवहार सुनिश्चित किया जाए। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।
निष्कर्षतः- विकास कार्यों के साथ-साथ जनसुविधाओं का ध्यान रखना प्रशासन की जिम्मेदारी है। ऐसे में यदि अधिकारियों के बयान ही विवादों में घिर जाएं, तो जनता के विश्वास पर असर पड़ना स्वाभाविक है।

