रेलवे कार्यों की प्रगति का कलेक्टर ने किया स्थल निरीक्षण, समय-सीमा में कार्य पूर्ण करने के दिए निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में संचालित रेलवे परियोजनाओं की प्रगति को लेकर प्रशासन लगातार सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में आज कलेक्टर ने रेलवे एवं राजस्व विभाग की संयुक्त टीम के साथ तहसील रामपुर नैकिन अंतर्गत ग्राम झांझ से चुरहट तक चल रहे रेलवे कार्यों का स्थल निरीक्षण कर विस्तृत समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता, प्रगति एवं निर्धारित समय-सीमा का गहनता से अवलोकन किया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों से कार्यों की स्थिति की जानकारी लेते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी कार्य तय समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं और गुणवत्ता से किसी भी प्रकार का समझौता न किया जाए। कलेक्टर ने यह भी कहा कि रेलवे परियोजना से जुड़े सभी विभाग आपसी समन्वय बनाकर कार्य करें, ताकि भूमि अर्जन, निर्माण एवं अन्य प्रक्रियाओं में किसी प्रकार की बाधा न आए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करते हुए कार्यों की गति बनाए रखें। इस दौरान संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
