पेट्रोल-डीजल व एलपीजी गैस आपूर्ति सामान्य, अफवाहों से रहें दूर,
बीरबलभूमि समाचार, सीधी। जिले में पेट्रोल, डीजल एवं एलपीजी (घरेलू गैस) की आपूर्ति पूरी तरह सामान्य बनी हुई है। प्रशासन द्वारा लगातार स्थिति की निगरानी की जा रही है, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जानकारी के अनुसार जिले के सभी पेट्रोल पंपों पर ईंधन का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और तेल कंपनियों द्वारा नियमित रूप से आपूर्ति की जा रही है। वहीं, कुछ पेट्रोल पंपों के लिए पेट्रोल और डीजल की अतिरिक्त खेप मार्ग में है, जो शीघ्र ही पहुंचकर आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूत करेगी। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी प्रकार की भ्रामक खबरों या अफवाहों पर ध्यान न दें और अनावश्यक रूप से ईंधन का भंडारण न करें। इससे न केवल व्यवस्था प्रभावित होती है, बल्कि अन्य उपभोक्ताओं को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। अधिकारियों का कहना है कि आगामी दो दिनों में आपूर्ति व्यवस्था और अधिक सुचारू एवं सुविधाजनक हो जाएगी। प्रशासन पूरी तरह सतर्क है और जरूरत के अनुसार त्वरित कदम उठाए जा रहे हैं, ताकि जिले में ईंधन की उपलब्धता बनी रहे और आमजन को किसी प्रकार की दिक्कत न हो।
