स्वच्छ जल आपूर्ति सुनिश्चित करने नगर पालिका की पहल, टंकियों की सफाई का कार्य जारी,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के निर्देशानुसार कलेक्टर स्वरोचिष सोमवंशी के मार्गदर्शन में जिले में निरंतर कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद सीधी के अंतर्गत आने वाले कृषि विज्ञान केंद्र सीधी तथा सम्राट चौक स्थित जलप्रदाय टंकियों की व्यापक सफाई का कार्य संपन्न कराया गया। नगर पालिका परिषद द्वारा पेयजल की गुणवत्ता बनाए रखने को सर्वाेच्च प्राथमिकता दी जा रही है। टंकियों की सफाई के दौरान जल टंकियों को पूर्णतः खाली कर उनके भीतर जमी गंदगी, काई एवं अवांछित पदार्थों को हटाया गया, साथ ही आवश्यकतानुसार कीटाणुनाशक दवाओं का छिड़काव कर स्वच्छता सुनिश्चित की गई। इस प्रक्रिया से जल की शुद्धता एवं उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। मुख्य नगर पालिका अधिकारी मिनी अग्रवाल ने बताया कि जिले के विभिन्न वार्डों में चरणबद्ध तरीके से सभी जलप्रदाय टंकियों की सफाई एवं निरीक्षण का कार्य किया जा रहा है, ताकि नागरिकों को नियमित रूप से स्वच्छ एवं सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराया जा सके। इसके साथ ही पाइपलाइन एवं जल वितरण प्रणाली की भी निगरानी की जा रही है। नगर पालिका परिषद ने नागरिकों से अपील की है कि पेयजल से संबंधित किसी भी समस्या की जानकारी तत्काल नगर पालिका को दें, जिससे समय रहते समाधान किया जा सके। स्वच्छ जल आपूर्ति के इस अभियान को आगे भी सतत रूप से जारी रखने का संकल्प लिया गया है।

