जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित,
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु सतत निगरानी और सुधारात्मक कार्यों पर जोर,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं यातायात व्यवस्था को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से अपर कलेक्टर श्री बी.पी. पाण्डेय तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अरविंद श्रीवास्तव की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक का आयोजन किया गया। बैठक में जिले में घटित सड़क दुर्घटनाओं के कारणों, संवेदनशील मार्गों तथा दुर्घटना संभावित क्षेत्रों पर विस्तृत चर्चा की गई और प्रभावी नियंत्रण के लिए आवश्यक कदम उठाने पर सहमति बनी। बैठक के दौरान अपर कलेक्टर तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने जिले के सभी चिन्हित ब्लैक स्पॉट पर तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्य मार्गों से जुड़ने वाली सड़कों एवं विद्यालयों के आसपास निर्धारित मानकों के अनुसार गति अवरोधकों का निर्माण किया जाए, ताकि तेज रफ्तार वाहनों पर नियंत्रण हो सके। इसके साथ ही गति अवरोधकों के निर्माण में शासन द्वारा तय किए गए तकनीकी मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। उन्होंने सड़क सुरक्षा को और सुदृढ़ बनाने के लिए सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर फ्लोरोसेंट चिन्ह लगाने, स्कूल बसों की ओवर स्पीडिंग की नियमित जांच, तथा फ्लाई ऐश डस्ट के परिवहन में निर्धारित मानकों के पालन को अनिवार्य करने के निर्देश दिए। साथ ही शहर की यातायात व्यवस्था को प्रभावित करने वाले अतिक्रमण के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए। बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यों में किसी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी उपखंड अधिकारियों एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। बैठक में उपखंड अधिकारी सिहावल सुश्री प्रिया पाठक, मझौली श्री आर.पी. त्रिपाठी, गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक श्री अमन मिश्रा सहित विभिन्न संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
