सेमरिया में बच्चा चोरी की अफवाह से हडक़ंप
कंटेनर ट्रक को घेरकर लोगों ने किया हंगामा,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के सेमरिया क्षेत्र में बच्चा चोरी की अफवाह ने अचानक माहौल को गरमा दिया। बढ़ौरा से लेकर सेमरिया थाना तक अफरा- तफरी का माहौल बन गया। एक कंटेनर ट्रक को लेकर फैली अफवाह के बाद हजारों की संख्या में लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस से कंटेनर खुलवाने की मांग करने लगे। दरअसल नेशनल हाईवे-39 पर बढ़ौरा इलाके में खड़े एक कंटेनर ट्रक को लेकर यह अफवाह फैल गई कि उसमें बच्चों को भरकर ले जाया जा रहा है। बताया जा रहा है कि ट्रक का चालक कुछ बच्चियों को पैसे दे रहा था और खाने- पीने का सामान दे रहा था, जिसे बच्चियों ने लेने से इनकार कर दिया। बच्चियां रोते हुए गांव के ही एक व्यक्ति के पास पहुंचीं और पूरी बात बताई। इसके बाद उस व्यक्ति ने ट्रक चालक से सवाल किया कि वह अनजान जगह पर बच्चियों को पैसे क्यों दे रहा है। इसी दौरान कुछ लोगों ने बच्चा चोरी की आशंका जताई और देखते ही देखते भीड़ जमा हो गई। मामले की सूचना डायल 112 को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। लेकिन तब तक अफवाह इतनी फैल चुकी थी कि हजारों की संख्या में लोग सेमरिया थाना पहुंच गए और कंटेनर को खोलकर जांच करने की मांग पर अड़ गए। पुलिस ने लोगों को शांत कराते हुए कंटेनर खुलवाया। जांच के दौरान कंटेनर में 15 से 20 लीटर के प्लास्टिक के कई ड्रम मिले, जिनमें लकड़ी का बुरादा भरा हुआ था। फिलहाल पुलिस ट्रक चालक सहित मौजूद लोगों से पूछताछ कर रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
