मेहनत का सम्मान: मेधावी विद्यार्थियों को मिला ‘Star of the Month’, कलेक्टर ने किया सम्मानित,

विद्यार्थियों को कलेक्टर की प्रेरणा: लक्ष्य ऊंचे रखें, प्रयास निरंतर करें,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के मेधावी विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत और उत्कृष्ट प्रदर्शन को सम्मानित करते हुए कलेक्टर विकास मिश्रा ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं में अव्वल स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को “Star of the Month” प्रदान कर सम्मानित किया। यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए गौरव का क्षण रहा, वहीं अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत भी बना।कक्षा 10वीं में शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय क्रमांक-1 के छात्र अभय गुप्ता ने प्रदेश में द्वितीय एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर उल्लेखनीय प्रदर्शन किया। सीमित संसाधनों के बावजूद अभय ने कठिन परिश्रम और लगन से यह सफलता अर्जित की। वे मूलतः चकडौर के निवासी हैं और वर्तमान में उत्कृष्ट विद्यालय सीधी के छात्रावास में रहकर अध्ययन कर रहे हैं। उनके पिता श्री कैलाश गुप्ता कृषक हैं। इसी प्रकार कक्षा 12वीं (गणित संकाय) में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय टिकरी के छात्र लवकुश तिवारी ने प्रदेश में दसवां एवं जिले में प्रथम स्थान प्राप्त कर जिले का नाम रोशन किया। वे कंजवार के निवासी हैं। उनके पिता श्री संतोष तिवारी कृषक हैं तथा माता श्रीमती राखी तिवारी गृहिणी हैं।कलेक्टर विकास मिश्रा ने विद्यार्थियों के साथ-साथ उनके अभिभावकों का भी सम्मान करते हुए कहा कि बच्चों की सफलता में परिवार का योगदान अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि जीवन में बड़े लक्ष्य निर्धारित करें और उन्हें प्राप्त करने के लिए निरंतर परिश्रम, अनुशासन एवं सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ें।कलेक्टर ने निर्देश दिए कि प्रावीण्य सूची में स्थान प्राप्त करने वाले सभी विद्यार्थियों का सम्मान विद्यालय स्तर पर भी किया जाए, ताकि अन्य छात्र-छात्राएं भी प्रेरित होकर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रयासरत रहें। साथ ही उन्होंने आगामी वर्ष में और बेहतर परिणाम सुनिश्चित करने हेतु अभी से कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए। इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी पीके सिंह, एडीपीसी ओशो उत्सव, संबंधित संस्थानों के प्राचार्य एवं शिक्षा विभाग के अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे। यह सम्मान समारोह इस बात का प्रमाण है कि दृढ़ संकल्प, कड़ी मेहनत और सही मार्गदर्शन से विद्यार्थी उच्चतम सफलता प्राप्त कर सकते हैं। जिले के इन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणादायी उदाहरण है।
