किसान स्वयं करेंगे स्लॉट बुकिंग, समर्थन मूल्य पर गेहूं उपार्जन जारी,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। प्रभारी जिला आपूर्ति अधिकारी ने जानकारी देते हुए बताया कि रबी विपणन वर्ष 2026-27 में भारत सरकार द्वारा निर्धारित औसत अच्छी गुणवत्ता (FAQ) गेहूं का समर्थन मूल्य पर उपार्जन शासन द्वारा निर्धारित अवधि 15 अप्रैल 2026 से 12 मई 2026 तक किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि उपार्जन प्रक्रिया को सुगम एवं पारदर्शी बनाने के लिए किसानों को स्वयं स्लॉट बुकिंग की सुविधा प्रदान की गई है। किसान अपने मोबाइल के माध्यम से गूगल पर जाकर संबंधित पोर्टल खोलकर “रबी 2026-27 किसान स्लॉट बुकिंग (गेहूं)” विकल्प का चयन कर सकते हैं। इसके बाद जिला चयन, किसान कोड दर्ज कर पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी के माध्यम से सत्यापन करना होता है। सत्यापन के उपरांत किसान अपनी तहसील, तिथि एवं उपार्जन केंद्र का चयन कर उपज की मात्रा दर्ज करते हुए स्लॉट बुकिंग पूर्ण कर सकते हैं। इसकी जानकारी उन्हें एसएमएस के माध्यम से प्राप्त होगी। वर्तमान स्थिति में जिले के 1418 किसानों द्वारा स्लॉट बुकिंग की जा चुकी है। जिन किसानों को स्लॉट बुकिंग के दौरान रकबा असत्यापित होने की समस्या आ रही है, वे अपने संबंधित तहसीलदार से संपर्क कर रकबा सत्यापन कराने के उपरांत पुनः स्लॉट बुकिंग कर सकते हैं। प्रशासन द्वारा किसानों से अपील की गई है कि वे स्वयं स्लॉट बुकिंग कर निर्धारित तिथि पर उपार्जन केंद्रों में अपनी उपज विक्रय हेतु लाएं, जिससे प्रक्रिया सुचारू एवं व्यवस्थित रूप से संचालित हो सके।
