न

वीन बस स्टैंड का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं सुधारने के सख्त निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कलेक्टर विकास मिश्रा ने शहर के नवीन बस स्टैंड का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया और आवश्यक सुधारात्मक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने बस स्टैंड परिसर में साफ-सफाई एवं स्वच्छता बनाए रखने पर विशेष जोर दिया। साथ ही बसों के सुव्यवस्थित संचालन के लिए गंतव्यवार पार्किंग व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो। कलेक्टर ने ऑटो पार्किंग को निर्धारित स्थान पर व्यवस्थित करने तथा यातायात को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए प्रभावी ट्रैफिक प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड पर नागरिक सुविधाओं का विस्तार किया जाए और यात्रियों की सहायता के लिए हेल्प डेस्क स्थापित की जाए, जिससे उन्हें आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन सहज रूप से मिल सके। इसके साथ ही कलेक्टर ने कलेक्ट्रेट परिसर में निर्माणाधीन डिजिटल लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य की गुणवत्ता एवं प्रगति की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्धारित समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर एवं प्रभारी मुख्य नगर पालिका अधिकारी प्रिया पाठक सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
