स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण हेतु ‘पंख’ कार्यक्रम के तहत जिला स्तरीय बैठक संपन्न,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा स्वैच्छिक संगठनों के सशक्तिकरण के उद्देश्य से दृष्टि योजना अंतर्गत ‘पंख’ कार्यक्रम आरंभ किया गया है। इसी क्रम में जिले में विभिन्न सामाजिक विषयों पर कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों के कार्यों को विस्तार देने और उनके क्रियान्वयन को सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से जिला पंचायत सभागार में जिला स्तरीय बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सीधी श्री शैलेन्द्र सिंह सोलंकी ने सभी स्वैच्छिक संगठनों से जल गंगा संवर्धन अभियान, नशामुक्त भारत अभियान, बाल विवाह उन्मूलन सहित अन्य सामाजिक विषयों पर सक्रिय भूमिका निभाने तथा शासन की योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार का आह्वान किया। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि जिले में कार्यरत स्वैच्छिक संगठनों की एक जिला स्तरीय डायरेक्टरी तैयार किए जाने का प्रस्ताव है।कार्यक्रम का शुभारंभ भारत माता एवं बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र के समक्ष पूजन-अर्चन के साथ हुआ। इसके पश्चात जिला समन्वयक श्री मुकेश कुमार गौर ने बैठक के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए परिषद की योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी। बैठक में चिन्हित स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने अपनी-अपनी संस्थाओं द्वारा किए जा रहे कार्यों की जानकारी साझा की। साथ ही विभिन्न शासकीय विभागों से आए अधिकारियों ने अपने विभाग की प्रमुख योजनाओं से सभी को अवगत कराया। कार्यक्रम का संचालन विकासखंड समन्वयक श्री रजनीश मिश्रा ने किया तथा आभार प्रदर्शन श्री अनिल कुमार पाठक द्वारा किया गया। बैठक में जिले के विभिन्न स्वैच्छिक संगठनों के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
