झगरहा में अटल ग्राम सुशासन भवन का लोकार्पण, गांव में सुशासन को मिलेगी नई मजबूती,

सुशासन भवन से गांव के विकास और जनसेवाओं को मिलेगी नई गति – विधायक श्रीमती रीती पाठक,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के जनपद सीधी के ग्राम पंचायत झगरहा में 37.49 लाख रुपये की लागत से निर्मित अटल ग्राम सुशासन भवन (पंचायत भवन) का लोकार्पण विधायक सीधी रीती पाठक द्वारा रविवार को किया गया। इस अवसर पर उन्होंने उपस्थित ग्रामवासियों से आत्मीय संवाद करते हुए विकास कार्यों की जानकारी साझा की और ग्रामीणों की समस्याएं भी सुनीं। लोकार्पण के दौरान विधायक श्रीमती पाठक ने कहा कि अटल ग्राम सुशासन भवन केवल एक भवन नहीं, बल्कि गांव में सुशासन की सशक्त व्यवस्था का केंद्र बनेगा। इसके माध्यम से पंचायत स्तर पर शासकीय योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन, पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित होगी। उन्होंने कहा कि अब ग्रामीणों को विभिन्न प्रमाण पत्र, योजनाओं की जानकारी और अन्य शासकीय सेवाओं के लिए भटकना नहीं पड़ेगा, बल्कि एक ही स्थान पर सुविधाएं उपलब्ध होंगी। उन्होंने आगे कहा कि ग्रामीण विकास सरकार की सर्वाेच्च प्राथमिकताओं में है और गांवों को आत्मनिर्भर एवं सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन एवं मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में आधारभूत संरचनाओं का तेजी से विस्तार हो रहा है, जिससे ग्रामीण अंचलों में शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क और डिजिटल सेवाओं की पहुंच मजबूत हुई है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का अधिकतम लाभ लें और अपने गांव के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। साथ ही स्वच्छता, जल संरक्षण, नशामुक्ति और सामाजिक समरसता जैसे विषयों पर मिलकर कार्य करने का भी आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों को श्रीफल एवं शॉल भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती मंजू सिंह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती सरस्वती बहेलिया, सरपंच श्रीमती निशा पाण्डेय, उपखंड अधिकारी गोपद बनास श्री राकेश शुक्ला, सीईओ जनपद श्री चंदूलाल पनिका सहित श्री के.के. तिवारी, श्री विश्वबंधु धर द्विवेदी, श्री राजेश कुमार द्विवेदी, श्री पंकज पाण्डेय, श्री संतोष पाण्डेय, श्री पुष्पराज सिंह सहित गणमान्य जन एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।
