सीधी में स्टार ऑफ द मंथ से अधिकारी एवं कर्मचारी सम्मानित,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला प्रशासन द्वारा उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रत्येक सप्ताह Star of the Month के तहत सम्मानित किया जा रहा है। यह पहल कार्यस्थल पर उत्कृष्टता, समर्पण और जनसेवा की भावना को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से की जा रही है। इस क्रम में प्रवेश कुमार दाहिया (कोटवार, पटवारी हल्का सिरौला, मझौली) को कार्यालयीन कार्यों में उत्कृष्ट प्रदर्शन, पेशेवर दक्षता एवं टीम भावना के साथ सकारात्मक कार्य वातावरण बनाने हेतु सम्मानित किया गया। इसी प्रकार श्रीमती कीर्ति शुक्ला (नर्सिंग अधिकारी, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, रामपुर नैकिन) को सर्वाइकल कैंसर से बचाव हेतु एचपीवी टीकाकरण अभियान के अंतर्गत 1971 किशोरियों के सफल टीकाकरण जैसे महत्वपूर्ण योगदान के लिए सम्मानित किया गया। उनके प्रयासों से समाज में स्वास्थ्य सुरक्षा को सुदृढ़ करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई है। जिला प्रशासन ने दोनों अधिकारियों एवं कर्मचारियों के कार्य के प्रति समर्पण, जिम्मेदारी एवं तत्परता की सराहना करते हुए उन्हें प्रशस्ति पत्र प्रदान किया। जिला प्रशासन ने आशा व्यक्त की है कि इस प्रकार के सम्मान से अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी प्रेरित होकर जनसेवा में उत्कृष्ट योगदान देंगे।
