अमिलिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: हत्या के षड्यंत्र का 8 घंटे में पर्दाफाश, दो आरोपी गिरफ्तार,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। थाना अमिलिया पुलिस ने हत्या के एक गंभीर मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए महज 8 घंटे के भीतर दो आरोपियों को गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविन्द श्रीवास्तव एवं एसडीओपी चुरहट रवि प्रकाश कौल के मार्गदर्शन में की गई। घटना के संबंध में थाना अमिलिया में फरियादी रोहित पटेल ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि दोपहर करीब 3:30 बजे डिहुली मोड़ पेट्रोल पंप के पास आरोपी विवेक मिश्रा ने पुरानी रंजिश और वाहन की किश्त के विवाद के चलते संतोष द्विवेदी की मोटरसाइकिल को अपने मिनी टिपर (MP53ZG4331) से जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल लगभग 105 फीट तक घसीटती चली गई। गंभीर रूप से घायल संतोष द्विवेदी की उपचार के दौरान मृत्यु हो गई, जबकि उनके साथ सवार ठाकुर सेन गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद रीवा रेफर किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थाना प्रभारी अमिलिया निरीक्षक राकेश कुमार बैस के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। टीम ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों की सूचना के आधार पर त्वरित कार्रवाई करते हुए दोनों फरार आरोपियों को घटना के 8 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी: विवेक मिश्रा (उम्र 27 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़ी विकास मिश्रा (उम्र 25 वर्ष), निवासी ग्राम पहाड़ी
पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मिनी टिपर वाहन और मोटरसाइकिल को भी जब्त कर लिया है। आरोपियों के विरुद्ध धारा 109, 103(1), 61(2) बीएनएस 2023 के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है।
सराहनीय भूमिका: इस कार्रवाई में निरीक्षक राकेश कुमार बैस, उपनिरीक्षक राजमणि अहिरवार, प्रधान आरक्षक लोकेन्द्र सिंह, राजेन्द्र सिंह, विक्रम सिंह तथा आरक्षक रघुराज सिंह, संदीप चौबे और दीपेन्द्र सिंह की विशेष भूमिका रही।
