मेहनत को मिला सम्मानः प्रदेश में द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले अभय गुप्ता हुए सम्मानित,

स्टेट बैंक ऑफ इंडिया ने भेंट किया उच्च गुणवत्ता का टैबलेट,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। कक्षा 10वीं में प्रदेश स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले का नाम गौरवान्वित करने वाले छात्र अभय गुप्ता को स्टेट बैंक ऑफ इंडिया द्वारा सम्मानित किया गया। इस अवसर पर अभय को उच्च गुणवत्ता का टैबलेट प्रदान किया गया तथा उनकी आगे की शिक्षा में हरसंभव सहयोग का आश्वासन भी दिया गया। कार्यक्रम में कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने एसबीआई की इस सराहनीय पहल की प्रशंसा करते हुए कहा कि ऐसे प्रयास प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को प्रोत्साहित करते हैं और उन्हें भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन के लिए प्रेरित करते हैं। उन्होंने अभय की उपलब्धि को अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। अभय की इस सफलता पर उनके पिता श्री कैलाश गुप्ता एवं माता श्रीमती रेखा गुप्ता ने हर्ष व्यक्त करते हुए उनका उत्साहवर्धन किया और उज्ज्वल भविष्य की कामना की। इस अवसर पर शाखा प्रबंधक श्री शैलेन्द्र कुमार राय, लीड बैंक प्रबंधक श्री ए बी चौधरी तथा सहायक संचालक जनसंपर्क विभाग श्री मुकेश मिश्रा सहित अन्य गणमान्यजन उपस्थित रहे। यह सम्मान समारोह न केवल अभय की मेहनत और लगन का परिणाम है, बल्कि यह संदेश भी देता है कि समर्पण, अनुशासन और निरंतर प्रयास से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है।
