पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट में कक्षा 6वीं प्रवेश उत्सव आयोजित,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। पीएम श्री स्कूल जवाहर नवोदय विद्यालय चुरहट, जिला सीधी में कक्षा 6वीं के नवप्रवेशित विद्यार्थियों के लिए प्रवेश उत्सव कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों, अभिभावकों एवं विद्यालय परिवार ने सहभागिता कर नवागंतुक विद्यार्थियों का स्वागत किया।विद्यालय के प्राचार्य डॉ. डी.के. त्रिपाठी ने बताया कि कक्षा 6वीं में प्रवेश हेतु जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 13 दिसम्बर 2025 को केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड द्वारा जिला प्रशासन एवं नवोदय विद्यालय समिति की देखरेख में आयोजित की गई थी। परीक्षा परिणाम नवोदय विद्यालय समिति, नई दिल्ली द्वारा निर्धारित नियमों के अनुसार जारी किया गया, जिसमें ग्रामीण-नगरीय वरीयता, आरक्षण, लिंगानुपात एवं दिव्यांग आरक्षण को ध्यान में रखते हुए 80 विद्यार्थियों का चयन किया गया। उन्होंने बताया कि चयनित विद्यार्थियों में से 62 विद्यार्थियों ने प्रवेश लिया, जिनमें 23 छात्राएं एवं 32 छात्र सहित कुल 55 विद्यार्थियों ने विद्यालय में रिपोर्ट कर अपनी कक्षाएं प्रारंभ कीं।प्रवेश उत्सव कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के मल्टीपरपज हॉल में मां सरस्वती के पूजन-अर्चन से हुई। इसके बाद विद्यार्थियों का हाउस एवं कक्षा आवंटन वरिष्ठ शिक्षक श्री रुपेश चौधरी के समन्वय में किया गया। प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी एवं सीसीए प्रभारी श्री राजेंद्र पटेल ने विद्यार्थियों को चॉकलेट वितरित कर शुभकामनाएं दीं। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ विद्यालय परिसर में स्थित प्राइड गैलरी के समक्ष फोटोग्राफी एवं वीडियोग्राफी भी की गई। इसके उपरांत विद्यालय की सुसज्जित लाइब्रेरी में विद्यार्थियों को पाठ्यपुस्तकें, नोटबुक, ड्राइंग बॉक्स सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। साथ ही हॉस्टल में उपयोग हेतु दैनिक आवश्यक सामग्री, बिस्तर, गद्दे, तकिया एवं बेडशीट आदि भी प्रदान किए गए। प्राचार्य डॉ. त्रिपाठी ने सभी नवप्रवेशित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यार्थियों एवं अभिभावकों में विशेष उत्साह एवं प्रसन्नता देखी गई।
