प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत शिविर आयोजित, 140 प्रतिभागियों ने लिया लाभ,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिला प्रशासन सीधी एवं मध्यप्रदेश राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन, जिला सीधी के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड सीधी में प्रधानमंत्री श्रम योगी मानधन योजना अंतर्गत शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 18 से 40 वर्ष आयु वर्ग के महिला एवं पुरुषों को योजना की विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। शिविर के दौरान प्रतिभागियों को आवश्यक दस्तावेज जैसे आधार कार्ड, बैंक खाता एवं श्रम कार्ड के संबंध में मार्गदर्शन दिया गया। साथ ही योजना के लाभ, पात्रता एवं पंजीयन प्रक्रिया को सरल एवं सहज रूप में समझाया गया। कार्यक्रम में कुल 140 प्रतिभागियों ने सहभागिता की, जिनमें से 26 प्रतिभागियों का योजना में पंजीयन किया गया तथा 18 महिलाओं के श्रम कार्ड बनाए गए। यह सुविधा उन हितग्राहियों को प्रदान की गई, जिनकी मासिक आय 15 हजार रुपये से कम है। शिविर में स्व-सहायता समूह की महिलाओं की सक्रिय भागीदारी रही। कार्यक्रम के सफल संचालन में जिला स्तर से श्री अजय सिंह (जिला प्रबंधक), श्री अशोक पाण्डेय (विकासखंड प्रबंधक), श्री मनोज मिश्रा, श्री प्रशांत सिंह, श्री रणजीत सिंह एवं श्री अमरनाथ यादव का विशेष योगदान रहा। इसके अतिरिक्त एकीकृत कृषि संकुल अंतर्गत कार्यरत सीआरपी, बैंक सखी, कृषि सखी एवं आजीविका मिशन से जुड़े अन्य कार्यकर्ताओं ने भी सक्रिय सहभागिता निभाई। शिविर में सीएससी सेंटर के माध्यम से श्री दीपक मिश्रा एवं श्री आयुष तिवारी द्वारा प्रतिभागियों का पंजीयन कर उन्हें तत्काल प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें बड़ी संख्या में हितग्राहियों ने योजना का लाभ प्राप्त कर सामाजिक सुरक्षा की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।
