जल संरक्षण के संकल्प के साथ मझौली में जल चौपाल संपन्न,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जल गंगा संवर्धन अभियान 2026 के अंतर्गत विकासखंड मझौली के ग्राम चमराडोल में मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल स्त्रोत सेवा समागम कार्यक्रम (द्वितीय चरण) के तहत जल चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संभाग समन्वयक श्री प्रवीण पाठक एवं जिला समन्वयक श्री मुकेश कुमार गौर की गरिमामयी उपस्थिति रही।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संभाग समन्वयक श्री प्रवीण पाठक ने जल संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि पानी के बिना जीवन संभव नहीं है, इसलिए आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए जल संरक्षण अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने सभी नागरिकों से जल बचाने के लिए सामूहिक प्रयास करने का आह्वान किया। जल चौपाल के दौरान उपस्थित जनों ने जल संरक्षण का संकल्प लिया। इसके पश्चात सभी ने मिलकर ग्राम के तालाब में श्रमदान कर जल स्त्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम के दौरान मुख्य मार्ग के तिराहे पर जल मंदिर (प्याऊ) का शुभारंभ भी किया गया, जिससे राहगीरों को पेयजल की सुविधा उपलब्ध होगी। कार्यक्रम के अंत में विकासखंड समन्वयक श्री रजनीश मिश्रा ने सभी अतिथियों एवं प्रतिभागियों का आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर बीसी एसबीएम श्री कुंवर बहादुर सिंह, सरपंच श्री तिवारी, सचिव, परामर्शदाता, स्वैच्छिक संस्था प्रतिनिधि, प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारी, छात्र एवं ग्रामीणजन उपस्थित रहे।
