कुसमी के छात्र शुभम सिंह ने बढ़ाया जिले का मान, विज्ञान मंथन यात्रा के लिए चयनित,
बीरबलभूमी समाचार सीधी। विकास खण्ड कुसमी अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया के कक्षा 12वीं के छात्र शुभम सिंह का चयन “विज्ञान मंथन यात्रा 2025-26” हेतु किया गया है। जिले से चयनित केवल दो विद्यार्थियों में शुभम सिंह शामिल हैं, जो वर्तमान में इस प्रतिष्ठित यात्रा में विद्यालय एवं जिले का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। मध्यप्रदेश विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी परिषद (MPCST) द्वारा प्रदेश के स्कूली विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति अभिरुचि जागृत करने के उद्देश्य से 20 अप्रैल से 27 अप्रैल 2026 तक विज्ञान मंथन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। यह यात्रा भोपाल स्थित विज्ञान भवन से प्रारंभ होकर विभिन्न प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण कराती है। यात्रा के दौरान चयनित विद्यार्थियों को इसरो (ISRO) श्रीहरिकोटा सहित बेंगलुरु एवं चेन्नई के प्रमुख वैज्ञानिक संस्थानों का भ्रमण कराया जा रहा है। विद्यार्थियों को उपग्रहों की कार्यप्रणाली, चंद्रयान मिशन तथा आधुनिक वैज्ञानिक शोध से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां प्राप्त करने का अवसर मिल रहा है। साथ ही, चेन्नई स्थित सीएसआईआर-सीएलआरआई (CSIR-CLRI) एवं आईआईटी मद्रास जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों का अवलोकन भी कराया जा रहा है। “विज्ञान मंथन यात्रा” कक्षा 10 एवं 11-12 (विज्ञान संकाय) के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक विशेष पहल है, जिसका उद्देश्य उन्हें विज्ञान की दुनिया से जोड़ते हुए नए अनुभव, सीख एवं प्रेरणा प्रदान करना है। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय उमरिया सहित समस्त विकास खण्ड कुसमी ने छात्र शुभम सिंह को इस उपलब्धि पर शुभकामनाएं प्रेषित की हैं और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

