सीधी जिले के मड़वास थाना अंतर्गत सूने घर में लाखों की चोरी: ताला तोड़ सोना-चांदी, नकदी और साड़ियां लेकर फरार,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले के मड़वास थाना अंतर्गत ग्राम सिलवार में अज्ञात चोरों ने सूने घर को निशाना बनाते हुए बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। चोर घर का ताला तोड़कर अंदर घुसे और लाखों रुपये के सोने-चांदी के आभूषण, नकदी एवं साड़ियां लेकर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है।
घटना का विवरण,
प्राप्त जानकारी के अनुसार, फरियादी रामेश्वर प्रसाद मिश्र (60 वर्ष), निवासी ग्राम सिलवार, दिनांक 21 अप्रैल 2026 को अपने परिवार के साथ ग्राम मुडहेरिया (थाना मझौली) में आयोजित एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। घर पूरी तरह सूना था, जिसका फायदा उठाकर अज्ञात चोरों ने देर रात वारदात को अंजाम दिया।
भोर में खुला राज,
परिवार जब रात करीब 3 बजे वापस लौटा तो घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर प्रवेश करने पर देखा कि पेटी, आलमारी और लॉकर के ताले टूटे हुए हैं तथा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा है।
लाखों के जेवर और नकदी गायब,
परिजनों के अनुसार, चोर घर से लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, करीब 10 हजार रुपये नकद और साड़ियां चोरी कर ले गए हैं। चोरी गए सामान की सही कीमत का आकलन किया जा रहा है।
मामला दर्ज, जांच जारी,
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। फरियादी की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 331(4) एवं 305(A) के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
ग्रामीणों में बढ़ा भय,
लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और आक्रोश का माहौल है। लोगों ने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की है।
सवाल बरकरार: आखिर कब तक सूने घर चोरों के निशाने पर रहेंगे और कब मिलेगी आम जनता को सुरक्षा?
तलाश न्यूज सीधी
