इंटर डिविजन क्रिकेट टूर्नामेंट में रीवा फाइनल में, सीधी के खिलाड़ियों का शानदार जलवा,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। मध्य प्रदेश क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा कराए जा रहे इंटर डिविजन क्रिकेट टूर्नामेंट में रीवा डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली है, जिसमें सीधी जिले के खिलाड़ियों ने अहम भूमिका निभाकर सभी का ध्यान आकर्षित किया है। उल्लेखनीय है कि हाल ही में आयोजित इंटर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट टूर्नामेंट में सीधी टीम विजेता रही थी, जिससे जिले के खिलाड़ियों का आत्मविश्वास और प्रदर्शन दोनों उच्च स्तर पर देखने को मिल रहा है। पहले मैच में सागर डिविजनल क्रिकेट एसोसिएशन के खिलाफ रीवा ने 315 रन बनाते हुए 128 रनों से जीत दर्ज की, जिसमें सीधी के होनहार खिलाड़ी रुद्रांश सिंह ने 64 रनों की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच रहे, वहीं रवि तिवारी ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट हासिल किए। दूसरे मैच में ग्वालियर के खिलाफ रीवा ने 5 विकेट से जीत दर्ज की, जिसमें सीधी के आर्यन तिवारी ने 122 रन की शानदार पारी खेली और मैन ऑफ द मैच चुने गए जबकि सीधी के रवि तिवारी ने 4 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई। तीसरे मैच में जबलपुर के खिलाफ रीवा ने 7 विकेट से जीत हासिल की, जिसमें सीधी के आर्यन तिवारी ने 68 गेंदों में नाबाद 104 रन बनाकर लगातार दूसरी सेंचुरी लगाई और मैन ऑफ द मैच बने। चौथे मैच में रीवा ने इंदौर को 101 रनों से हराकर फाइनल में प्रवेश किया, जहां अब उसका मुकाबला शहडोल से होगा। उल्लेखनीय है कि खेले गए चार मैचों में से तीन मैचों में सीधी जिले के खिलाड़ियों ने मैन ऑफ द मैच का खिताब अपने नाम कर जिले का गौरव बढ़ाया है। डीसीए परिवार की ओर से सभी चयनित एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की जाती हैं, साथ ही उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए यह अपेक्षा की जाती है कि वे इसी प्रकार निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन कर जिले, संभाग एवं प्रदेश का नाम रोशन करते रहेंगे और आने वाले समय में उच्च स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराएंगे।
