पुराने बस स्टैण्ड स्थित रवि प्रोविजन में लगी आग, दुकान खाक,
50 लाख से अधिक की बताई जा रही नुकसानी, मौके पर पहुंचे कलेक्टर, दिलाया व्यापारी को मदद का भरोसा,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। शहर के पुराने बस स्टैण्ड स्थित रवि प्रोविजन की दुकान में रात करीब दो बजे अचानक आग लग गई, जिससे दुकान के भीतर रखा सारा सामान जलकर खाक हो गया। आगजनी की जानकारी मिलते ही रात करीब तीन बजे ही कलेक्टर विकास मिश्रा मौके पर पहुंच गए और, फायर ब्रिगेड की टीम के साथ आग बुझाने में स्वयं जुट गए। कलेक्टर की इस संवेदनशीलता की चर्चा बुधवार को दिन भर समूचे शहर में बनी रही। ज्ञात हो कि पुराने बस स्टैण्ड स्थित रवि प्रोविजन की दुकान काफी पुरानी है, जहां ग्राहकों की आवाजाही अच्छी होने से दुकान का संचालन बड़े स्तर पर हो रहा था, जिसके चलते इस दुकान के भीतर भारी मात्रा में परचून का सामान रखा हुआ था। इस संबंध में दुकान दुकान के मालिक ने बताया कि रोज की मंगलवार को भी रात करीब 11 बजे दुकान का सामान एकत्रित कर दुकान बढ़ा दी गई थी, मुझे रात करीब दो बजे पड़ोसी से फोन पर सूचना मिली की आपकी दुकान से धुआं उड़ रहा है, जानकारी मिलते ही मै तत्काल अपने परिजनों के साथ दुकान पहुंच कर जब दुकान को खोला तो अंदर ही अंदर आग भभक रही थी, तत्काल फायर ब्रिगेड को फोन किया, सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड एवं कोतवाली पुलिस की टीम भी पहुंच गई, लेकिन तब तक आग इतना भयावह रूप ले चुकी थी कि तमाम कोशिशों के बाद भी दुकान के भीतर रखें सामान को बचाया नहीं जा सका।
कलेक्टर ने की आर्थिक मदद,
इस आगजनी की घटना को लेकर लेकर जहां जानकारी मिलते ही कलेक्टर विकास मिश्रा रात 03 बजे ही मौके पर पहुंच गए, वहीं व्यापारी को हुई इस आगजनी की घटना से उबारने के लिए मौके पर ही अपने स्वयं के खर्च से आर्थिक मदद उपलब्ध कराई। इस दौरान कलेक्टर श्री मिश्रा ने व्यापारी संघ से भी पीड़ित व्यापारी की मदद को लेकर लोगों को आगे आने का हौसला बढ़ाया है। बता दें कि कलेक्टर विकास मिश्रा ने जबसे सीधी जिले में पदभार संभाला है तबसे हर क्षेत्र में अप्रत्याशित बदलाव देखने को मिले हैं।
व्यापारी संघ अध्यक्ष ने की अपील,
शहर के पुराने बस स्टैण्ड स्थित रवि प्रोविजन में आगजनी की घटना से हुई क्षति की भरपाई के लिए व्यापारी संघ अध्यक्ष लालचंद गुप्ता ने एक मार्मिक अपील करते हुए सभी व्यापारी साथियों से मदद की गुजारिश की है। अध्यक्ष श्री गुप्ता ने कहा कि रात्रि लगभग 3:00 बजे रवि प्रोविजन की दुकान में अचानक आग लगने की घटना से लगभग ₹50-60 लाख का नुकसान हुआ। सूचना मिलते ही पुलिस प्रशासन एवं नगर पालिका का पूरा अमला फायर ब्रिगेड के साथ तत्काल मौके पर पहुंचा और आग पर काबू पाने के प्रयास किए गए। इस त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से रवि प्रोविजन के अतिरिक्त अन्य प्रतिष्ठानो को बचाया जा सका जिसके लिए सभी संबंधित कर्मचारियों एवं अधिकारियों के प्रति आभार व्यक्त किया। वही रात्रि 3 बजे ही कलेक्टर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि ऐसे समय में व्यापारी समाज की सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि प्रभावित व्यापारी के साथ खड़े होकर सहयोग सुनिश्चित किया जाए। इसी क्रम में उन्होंने स्वयं आर्थिक योगदान देकर पहल की।
