प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस सीधी में अंतरराष्ट्रीय मातृभूमि दिवस उल्लासपूर्वक मनाया गया,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, संजय गांधी स्मृति शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय सीधी में राज्य आनंदम संस्थान, आनंद विभाग मध्यप्रदेश भोपाल के निर्देशानुसार अंतरराष्ट्रीय मातृभूमि दिवस का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. प्रभाकर सिंह के निर्देशन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम के अंतर्गत भाषण, रंगोली एवं पोस्टर प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया। इस वर्ष की थीम “अवर पावर, अवर प्लेनेट” रही, जिसके माध्यम से पर्यावरण संरक्षण एवं पृथ्वी के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया गया। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रकृति के साथ संतुलन बनाकर जीवन जीने की आवश्यकता बताई। भारतीय परंपरा में पृथ्वी को माता का स्थान दिए जाने का उल्लेख करते हुए “माता भूमिः पुत्रोऽहं पृथिव्याः” की भावना को आत्मसात करने पर जोर दिया गया। कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी छात्र-छात्राओं एवं स्टाफ ने पृथ्वी की सुरक्षा, संरक्षण एवं संवर्धन हेतु संकल्प लिया। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. राममिलन प्रजापति, सहायक प्राध्यापक (राजनीति विज्ञान) रहे। कार्यक्रम में महाविद्यालय के छात्र-छात्राओं के साथ समस्त स्टाफ की सक्रिय सहभागिता रही।

