‘अवनि’ कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण, व्यवस्थाएं दुरुस्त करने के दिए निर्देश,

25 अप्रैल को चुरहट में होगा ‘अवनि – नारी शक्ति वंदन’ कार्यक्रम,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में नारी सशक्तिकरण को बढ़ावा देने और उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित होने वाले “अवनि – नारी शक्ति वंदन” कार्यक्रम की तैयारियों का कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने चुरहट में निरीक्षण कर जायजा लिया। यह कार्यक्रम 25 अप्रैल 2026 को सायं 4 बजे से 6 बजे तक पीएम श्री शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, चुरहट में आयोजित किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने कार्यक्रम स्थल पर की जा रही व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को सभी तैयारियां समय से पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम जिले की अग्रणी एवं उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित करने के साथ-साथ उन्हें समाज में रोल मॉडल के रूप में स्थापित करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है, इसलिए आयोजन को व्यवस्थित एवं आकर्षक रूप से संपन्न कराया जाए। कलेक्टर ने निर्देशित किया कि कार्यक्रम में महिलाओं के स्वास्थ्य परीक्षण की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए तथा उत्कृष्ट उत्पाद प्रदर्शनी एवं पोषण प्रदर्शनी को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया जाए, ताकि महिला सशक्तिकरण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंच सके। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम को जन-जागरूकता से जोड़ते हुए इसे व्यापक जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाए।कार्यक्रम के अंतर्गत आयोजित होने वाले साड़ी वॉकथॉन एवं अन्य गतिविधियों को लेकर भी कलेक्टर ने आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। साथ ही क्रिएटिव कॉर्नर में स्कूली छात्राओं द्वारा चित्रकला के माध्यम से “उड़ान – हमारा भविष्य कैसा हो?” विषय पर अपने सपनों और आकांक्षाओं को प्रदर्शित करने की गतिविधि को विशेष रूप से प्रोत्साहित करने के निर्देश दिए।कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने तथा अधिक से अधिक महिलाओं की सहभागिता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने की दिशा में प्रेरित करेंगे और समाज में सकारात्मक संदेश देंगे। इस दौरान सहायक नोडल अधिकारी प्रवेश मिश्रा जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला बाल विकास विभाग, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ बबीता खरे, डीपीएम आजीविका मिशन पुष्पेंद्र सिंह सहित संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
