पीएससी प्रारंभिक परीक्षा: अभ्यर्थियों के परिजनों के लिए दिखी संवेदनशील व्यवस्था, बैठने से लेकर पेयजल तक विशेष इंतजाम,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (पीएससी) की प्रारंभिक परीक्षा के दौरान इस बार प्रशासन की संवेदनशीलता देखने को मिली, जहां अभ्यर्थियों के साथ आए परिजनों की सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा गया। परीक्षा केंद्रों के बाहर परिजनों के लिए बैठने, छाया और पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की गई, जिससे उन्हें भीषण गर्मी में किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। तेज धूप और बढ़ते तापमान को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा छायादार स्थानों की व्यवस्था की गई। साथ ही पर्याप्त संख्या में कुर्सियां लगाई गईं, ताकि परिजन आराम से बैठ सकें। स्वच्छ पेयजल की उपलब्धता भी सुनिश्चित की गई, जिससे लोगों को राहत मिली। परीक्षा केंद्रों पर मौजूद परिजनों ने इस व्यवस्था की सराहना करते हुए कहा कि अक्सर परीक्षा के दौरान उन्हें बाहर खड़े रहना पड़ता है, लेकिन इस बार प्रशासन ने उनकी परेशानी को समझते हुए बेहतर इंतजाम किए हैं। यह पहल न केवल अभ्यर्थियों बल्कि उनके परिजनों के प्रति भी प्रशासन की जिम्मेदारी और संवेदनशीलता को दर्शाती है। ऐसे प्रयासों से परीक्षा व्यवस्था अधिक सुव्यवस्थित और मानवीय बनती है।
