कलेक्टर ने निजी चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों के साथ की बैठक, स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने पर जोर,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री विकास मिश्रा ने निजी प्रैक्टिस करने वाले चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों के साथ विस्तृत चर्चा की। बैठक में जिलेवासियों को बेहतर एवं सुलभ स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। कलेक्टर ने कहा कि शासकीय एवं निजी क्षेत्र के समन्वय से ही स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत किया जा सकता है। उन्होंने आयुष्मान भारत सहित अन्य शासकीय योजनाओं का अधिकतम लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने पर विशेष जोर दिया। साथ ही निर्देश दिए कि निजी चिकित्सक एवं नर्सिंग होम संचालक योजनाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाते हुए अधिक से अधिक मरीजों को इनका लाभ दिलाएं। दूरस्थ एवं ग्रामीण अंचलों में आयोजित स्वास्थ्य शिविरों में सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करने के कहा, ताकि जरूरतमंद लोगों को उनके क्षेत्र में ही उपचार मिल सके। कलेक्टर ने मातृ मृत्यु दर एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने के लिए विशेष प्रयास करने की आवश्यकता बताई और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने पर बल दिया। बैठक में कलेक्टर ने सभी निजी संस्थानों को शासन द्वारा निर्धारित मापदंडों एवं नियमों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मरीजों को बेहतर उपचार, पारदर्शिता एवं मानकों के अनुरूप सेवाएं उपलब्ध कराना सभी की जिम्मेदारी है। इसके अतिरिक्त जनगणना कार्य में भी सहयोग करने की अपील की गई, ताकि सटीक आंकड़ों के आधार पर स्वास्थ्य सेवाओं की बेहतर योजना बनाई जा सके। बैठक के दौरान विभिन्न चिकित्सकों एवं नर्सिंग होम संचालकों ने अपने सुझाव भी साझा किए। कलेक्टर ने सभी के सहयोग से जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को और बेहतर बनाने का भरोसा दिलाया।
