सांसद कार्यालय में जनसुनवाई: डॉ. राजेश मिश्रा ने सुनीं समस्याएं, त्वरित समाधान के दिए निर्देश,
बीरबलभूमि समाचार सिंगरौली। सीधी संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने सिंगरौली स्थित अपने संसदीय कार्यालय में जनसुनवाई कर क्षेत्रवासियों की समस्याएं गंभीरता से सुनीं। इस दौरान बड़ी संख्या में पहुंचे नागरिकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं और मांगें सांसद के समक्ष रखीं। जनसुनवाई के दौरान सांसद ने लोगों से आत्मीय संवाद करते हुए उनकी समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को तत्काल निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि आमजन की शिकायतों को प्राथमिकता के साथ लेकर समयबद्ध तरीके से समाधान सुनिश्चित करें। डॉ. मिश्रा ने कहा कि क्षेत्र की जनता की समस्याओं का शीघ्र समाधान उनकी पहली प्राथमिकता है और इसके लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जनसुनवाई के माध्यम से लोगों को राहत पहुंचाने में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी। जनसुनवाई कार्यक्रम में आए लोगों ने अपनी समस्याएं सीधे सांसद के सामने रखकर संतोष जताया और इस पहल को जनहित में महत्वपूर्ण कदम बताया।
