चुरहट थाने के पचोखर ग्राम में आईजी की जन चौपाल,
मेडिकल नशे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। रीवा रेंज के आईजी गौरव राजपूत ने पुलिस एवं आमजन के बीच सीधा संवाद आयोजित करने के लिए जोन भर जन चौपाल आयोजित करने का निर्देश दिया था, उसी निर्देश के पालन में सीधी पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी के मार्गदर्शन में चुरहट थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पचोखर में जन चौपाल आयोजित किया गया था। उक्त कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रहे आईजी गौरव राजपूत ने जन चौपाल को संबोधित करते हुए कहा कि अवैध मादक पदार्थ एवं मेडिकल नशे का कारोबार करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है, अगर कोई व्यक्ति इस तरह के अपराध में संलिप्त है और उसके खिलाफ कार्यवाही नहीं हो रही है तो आप सब मुझे सूचित करें। इसके अलावा इस दौरान उन्होंने साइबर फ्राड के प्रति लोगों को सतर्कता एवं सुरक्षा के टिप्स दिए गए। आईजी गौरव राजपूत ने जन चौपाल में महिला सुरक्षा को लेकर उपस्थित लोगों को सजग रहने के निर्देश भी दिए। वही श्री राजपूत ने कहा कि अगर आपके थाना क्षेत्र अंतर्गत कोई अवैध गतिविधि संचालित हो रही है तो पुलिस को सूचित करें। सूचना देने वाले व्यक्ति का नाम पूरी तरह से गोपनीय रखा जाएगा। बता दें कि जन चौपाल में आईजी द्वारा दी गई जानकारी से स्थानीय लोगों का आत्मबल बढ़ा है। जन चौपाल में पुलिस अधीक्षक संतोष कोरी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद श्रीवास्तव, एसडीएम विकास कुमार आनंद, रेंजर चुरहट नवीन सिंह, थाना प्रभारी दीपक बघेला, पत्रकार संजय पाण्डेय,सरपंच पचोखर सहित भारी संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहे।
शहीद के पिता का हुआ सम्मान
पचोखर ग्राम में आयोजित जन चौपाल के दौरान देश की सुरक्षा के लिए अपने प्राणों को समर्पित करने वाले लांसनायक शहीद सुधाकर सिंह के पिता सच्चितानंद सिंह का सम्मान आईजी गौरव राजपूत द्वारा किया गया। इस सम्मान से जहां एक बार फिर चुरहट की धरती का सीना चौड़ा हो गया, वहीं शहीद की याद ने लोगों को भावुक कर दिया।
