गांधी ग्राम में जन चौपाल का आयोजन, समस्याओं की सुनवाई के साथ लोगों को किया गया जागरूक,

बीरबलभूमि समाचार सीधी। थाना जमोड़ी अंतर्गत ग्राम गांधी ग्राम में पुलिस विभाग द्वारा जन चौपाल का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उत्साहपूर्वक शामिल हुए। इस जन चौपाल का मुख्य उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सीधे सुनना तथा उनके त्वरित निराकरण के लिए सकारात्मक पहल करना रहा। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों ने बिजली, पानी, सड़क, सुरक्षा एवं अन्य दैनिक जीवन से जुड़ी समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं, जिन्हें गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों से समन्वय स्थापित कर समाधान कराने का आश्वासन दिया गया।जन चौपाल के माध्यम से लोगों को साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों के प्रति जागरूक किया गया। उन्हें बताया गया कि अनजान कॉल, लिंक या मैसेज से सावधान रहें और किसी भी प्रकार की बैंकिंग जानकारी साझा न करें। साथ ही महिला अपराधों की रोकथाम को लेकर भी महत्वपूर्ण जानकारी दी गई और महिलाओं को अपने अधिकारों एवं सुरक्षा उपायों के प्रति सचेत रहने के लिए प्रेरित किया गया। विभिन्न आपातकालीन हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी भी विस्तार से साझा की गई, जिससे जरूरत पड़ने पर लोग तुरंत सहायता प्राप्त कर सकें।इस दौरान ग्रामीणों ने मांग उठाई कि क्षेत्र में एक ऐसा स्कूल एवं अस्पताल बनाया जाए, जिसका नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री बंका बैगा के नाम पर रखा जाए, जिससे आने वाली पीढ़ियों को उनके योगदान की जानकारी मिल सके और क्षेत्र में शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार हो।कार्यक्रम के समापन अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्री बंका बैगा के पुत्र राज बहादुर बैगा को सम्मानित किया गया। इस दौरान थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी, उपनिरीक्षक वर्षा यादव, वरिष्ठ आरक्षक केपी सिंह एवं आरक्षक कृति त्रिपाठी सहित अन्य पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अंत में सभी उपस्थित ग्रामीणों का मुंह मीठा कराकर कार्यक्रम का समापन किया गया।
