सीधी-सिंगरौली सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने दिखाई मानवता, सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौके पर की मदद,

हेलमेट-सीट बेल्ट अपनाकर बनें जिम्मेदार नागरिक – सांसद,
यातायात नियमों का पालन जीवन रक्षा के लिए आवश्यक – सांसद डॉ. राजेश मिश्रा,
दुर्घटना देखें तो रुकें, मदद करें, जान बचाएं – सांसद,
बीरबलभूमि समाचार सीधी। सीधी- सिंगरौली लोकसभा क्षेत्र के सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने एक बार फिर संवेदनशीलता, मानवीय कर्तव्य और त्वरित निर्णय का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में घायल युवक की मौके पर सहायता कर मानवता की मिसाल पेश की। यह घटना उस समय की है, जब सांसद डॉ. राजेश मिश्रा सीधी से सामाजिक कार्य के उद्देश्य से सोनवर्षा की ओर जा रहे थे। सोन पुल से कुछ आगे उन्होंने एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना देखी, जिसमें एक युवक दोपहिया वाहन से सड़क के नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। प्राप्त जानकारी के अनुसार युवक तेज गति से वाहन चला रहा था, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से वह दुर्घटनाग्रस्त हो गया। संयोगवश उसी समय सांसद डॉ. मिश्रा का काफिला वहां से गुजर रहा था। घटना को देखते ही उन्होंने तत्काल काफिला रुकवाया और स्वयं मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। दुर्घटना में युवक के सिर में गंभीर चोट आई थी और वह दर्द से कराह रहा था। सांसद डॉ. मिश्रा ने बिना किसी विलंब के अपनी गाड़ी से फर्स्ट-एड बॉक्स मंगवाया और घायल युवक को प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया। उन्होंने चोट पर दवा लगवाकर पट्टी करवाई तथा युवक को ढांढस बंधाया। इसके साथ ही सांसद जी ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को सुरक्षित रूप से सड़क से हटवाने की भी व्यवस्था करवाई, जिससे आवागमन बाधित न हो और किसी अन्य दुर्घटना की आशंका न रहे। घटना के उपरांत सांसद डॉ. राजेश मिश्रा ने क्षेत्रवासियों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट पहनना अनिवार्य है, वहीं चार पहिया वाहन चलाते समय सीट बेल्ट का प्रयोग आवश्यक है। वाहन की गति को नियंत्रित रखना अत्यंत जरूरी है, क्योंकि थोड़ी-सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है। उन्होंने कहा कि स्वयं की सुरक्षा के साथ-साथ सड़क पर चल रहे अन्य लोगों की जान की रक्षा करना हम सभी का दायित्व है। सांसद की इस त्वरित सहायता, मानवीय संवेदना और जिम्मेदार नागरिक की भूमिका की क्षेत्र में व्यापक सराहना की जा रही है।
